उत्तर प्रदेश इन्वेस्टर्स समिट 2018 के समापन समारोह में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचे। राष्ट्रपति का मंच पर अनिरुद्ध राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित सभी ने स्वागत किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली और केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री विजय सिंह भी मौजूद हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। राज्यपाल मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों सहित अन्य अतिथियों ने भी दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
इस दौरान उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। सीएम योगी ने राष्ट्रपति को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका अभिनंदन किया। इसके साथ ही योगी ने मॉरीशस के पूर्व प्रधानमंत्री अनिरुद्ध जगन्नाथ को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह देकर उनका भी अभिनंदन किया।
उन्होंने वित्त मंत्री अरुण जेटली को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह देकर उनका भी अभिनंदन किया। जबकि औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने राज्यपाल राम नायक को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह देकर अभिनंदन किया, वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनरल वी के सिंह का अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के बारे में प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से विकास के बावत समय-समय पर मार्गदर्शन मिलता रहता है। साथ ही सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश की आवश्यकता के अनुरूप वित्त मंत्री अरुण जेटली का भी मार्गदर्शन मिलता रहता है।
सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्राचीन काल से धार्मिक आध्यात्मिक और औद्योगिक क्षेत्र रहा है। यह आयोजन अपने आपमें पहला और अद्भुत आयोजन है, जो राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच पर यूपी को प्रस्तुत कर सकता है।
उन्होंने कहा कि अभी हमारी सरकार को प्रदेश में कार्य करते हुए 11 महीने का समय हुआ है। हमारा रोडमैप क्या हो, हमारे विकास की योजनाएं क्या हों, जो कि प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंच सकें। इसके लिए जो कार्य योजना बनाने की तैयारी की तो किसानों, वंचितों, नौजवानों, महिलाओं को विकास की योजनाओं के साथ जोड़ने और इसका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति पहुंचाने की पहली कड़ी थी। 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर वन डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट योजना पर ध्यान केंद्रित किया गया।
योगी ने बताया कि दो दिवसीय इन्वेस्टर्स समिट के दौरान 1045 एमओयू को सहमति दी गई है। मैं निवेशकों को इस बात के लिए आवश्यक आश्वस्त करता हूं कि उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था देश के अंदर बेहतरीन है और साथ ही जिस सिंगल विंडो पोर्टल को कल पीएम ने लांच किया है यह देश का पहला पोर्टल है जिससे एक स्थान पर बैठकर हर निवेशक निवेश की सुविधा का लाभ पा सकता है।
https://www.youtube.com/watch?v=PBLx74WM1t8





