BRIJENDRA BAHADUR MAURYA—-
71 दीपों से भारत माता की आरती के बाद निकली तिरंगा यात्रा
71 फुट लम्बा तिरंगा और भारत माता की झांकी बनी आकर्षण का केन्द्र

लखनऊ । राजधानी में मनकामेश्वर मठ मंदिर की ओर से तिरंगा यात्रा सोमवार को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर निकाली गई। इसमें देश की आजादी के 71 साल बाद पूर्ण आर्थिक आजादी की शपथ ली गई। यह यात्रा डालीगंज से मनकामेश्वर मठ-मंदिर परिसर से शहीद स्मारक तक निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, महिलाएं और विभिन्न धर्मों के अनुयायी उत्साह के साथ शामिल हुए। यात्रा की शुरुआत जहां भारत माता की आरती से हुई वहीं अंत में शहीद स्मारक पर चीन देश में बनी वस्तुओं के पूर्ण बहिष्कार की शपथ ली गई।

भारत माता की हुई आरती
डालीगंज मनकामेश्वर मठ में श्रीमंहत देव्यागिरि ने 2008 में भारत माता की गद्दी स्थापित की। वहां भारत माता की भव्य प्रतिमा सुनील प्रजापति ने साकार की। मंदिर परिसर में भारतमाता की नियमित आरती सुबह और शाम को की जाती है। यह अपनी तरह की देश में अकेली भारत माता की गद्दी है। तिरंगा यात्रा निकालने से पहले विधि विधान से भारत माता की आरती की गई। इस बार चूंकि 71वां स्वतंत्रता दिवस है इसलिए 71 दीपकों से भारत माता की भव्य आरती की गई। आरती के समय शंख, झांझ, करताल, डमरू, नगाड़े से परिसर गूंज उठा। इस अवसर पर भक्तों ने भारत माता के जयकारे लगाए। इसके बाद भव्य और आकर्षक तिरंगा यात्रा फूलों की वर्षां के बीच अपने पूर्ण वैभव के साथ निकली।

71 मीटर लम्बा झंडा और भारत माता की झांकी बनी आकर्षण
इस तिरंगा यात्रा की अगुआई श्रीमहंत देव्यागिरि ने की। भारत माता बनी बालिका गौरजा की झांकी ने सबका ध्यान खींचा। जगह-जगह लोगों ने भारत माता की झांकी को पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लिया। इस तिरंगा यात्रा में मोहिबुल्लापुर मारुति शिक्षा निकेतन जूनियर हाईस्कूल के सौ से अधिक बच्चों संग नारी रक्षा दल की अध्यक्षा सोनिका मिश्रा के नेतृत्व में पचास महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। तिरंगा वेशभूषा, हाथों में झंडे और तिरंगे गुब्बारों संग दिलों में देशभक्ति का जज्बा लिए दीवाने चले तो लोग उनकी एक झलक पाने को घरों के छज्जों, छतों और बरामदों में निकल आए। बैंड के कलाकरों ने “ये देश है वीर जवानों का”, “जरा आंख में भर लो पानी”, “जहां डाल डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा”, “मेरी देश की धरती” जैसे कई लोकप्रिय नगमें गाए। यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में तिरंगे लहरा रहे थे तो कार्यकताओं की छाती पर तिरंगे के बैज और तिरंगा के पटके थे वहीं महिलाओं के हाथों में तिरंगा चूड़ियां। युवाओं ने इस यादगार पलों की सेल्फियां भी ली।
शहीद स्मारक पर हुई सभा
भारत माता की जय घोष करते देश भक्ति से लबरेज युवाओं, महिलाओं और पुरुषों का काफिला शहीद स्मारक पहुंचा। वहां आकर्षक सजे परिसर में श्रीमहंत देव्यागिरि ने चीन में बने वस्तुओं का पूर्ण बहिष्कार करने और स्वदेशी अपनाने की शपथ लोगों को दिलवायी। स्वागत गीत के बाद वहां प्रसाद का वितरण किया गया। श्रीमहंत देव्यागिरि ने सभा में यह घोषणा भी की कि आगामी पूर्णिमा जो कि मंगलवार 5 सितम्बर को है उस दिन मनकामेश्वर घाट पर होने वाली आदि गंगा गोमती अनुष्ठान के अवसर पर चीन देश में बनी वस्तुओं की होली जलायी जाएगी।
केसरिया, सफेद और हरे रंग से हुआ श्रंगार
मनकामेश्वर मठ मंदिर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केसरिया, सफेद और हरे रंग से शिवलिंग का श्रंगार किया गया। इसके बाद विधि विधान से भगवान शंकर की महा आरती घंटे घड़ियाल, नगाड़े, डमरू, करताल, झांझ के साथ रात आठ बजे सम्पन्न हुई। इस अवसर पर भारत के कल्याण के लिए विशेष प्रार्थना की गई।
https://www.youtube.com/watch?v=j3zpe5yTHd4&t=3s





