
सिद्धार्थनगर के गोल्हौरा थाना क्षेत्र के ग्राम चाइजोत के समीप बांसी-इटवा मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक साइकिल चालक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वही साईकिल पर सवार दूसरा युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया.
ये घटना रविवार सुबह लगभग 10 बजे जब ग्राम रुद्रपुर निवासी चन्द्रशेखर (25) पुत्र मनोज शुक्ल व उसके गांव का ही सन्दीप साहनी पुत्र राजमन साइकिल से रविवार सुबह गोल्हौरा थाना क्षेत्र के जीवपुर स्थित गैस एजेंसी से सिलेंडर लेकर घर लौट रहे थे.
वे बांसी-इटवा मार्ग पर चाइजोत पहुंचे ही थे कि विपरीत दिशा से आ रही एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उन्हें सामने से टक्कर मार दिया. घटना में उक्त चन्द्रशेखर की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि साथी सन्दीप गम्भीर रूप से घायल हो गया. सूचना पर पहुंची मक़ामी थाने की पुलिस ने घायल को आस्पताल पहुंचवाया, और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है.
मृतक के पिता मनोज शुक्ल ने गोल्हौरा थाने पर पहुंचकर उक्त बातों का जिक्र करते हुए अज्ञात वाहन के बिरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग किया है.





