18 लाख से अधिक युवाओं को मिला प्रशिक्षण, 7 लाख को मिला रोजगार
उत्तर प्रदेश सरकार के कौशल विकास मिशन के अंतर्गत प्रदेश के लाखों युवा अब आत्मनिर्भर बनते जा रहे हैं। मिशन का उद्देश्य 14 से 35 वर्ष आयुवर्ग के अल्पशिक्षित और स्कूल छोड़ चुके युवाओं को अल्पकालीन कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
कौशल विकास मिशन के अंतर्गत अब तक प्रदेश भर में 18 लाख से अधिक युवाओं को विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षित किया जा चुका है, जबकि 7 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार भी प्रदान किया गया है।
प्रोजेक्ट प्रवीण के तहत छात्रों को निःशुल्क प्रशिक्षण
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप मिशन द्वारा “प्रोजेक्ट प्रवीण” योजना चलाई जा रही है, जिसके तहत राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों को उनके नियमित पाठ्यक्रम के साथ निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब तक 315 राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत 26,000 से अधिक छात्रों को प्रशिक्षण दिया गया है, जबकि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की 3,450 छात्राओं को भी इसका लाभ मिला है।
दिव्यांगजन और वंचित वर्गों को मिला सशक्तिकरण
मिशन द्वारा दिव्यांगजनों, महिलाओं, अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। अब तक 2,200 दिव्यांगजन प्रशिक्षण प्राप्त कर सेवायोजित किए जा चुके हैं।
इसके अलावा महिला संरक्षण गृहों, किशोर सुधार गृहों और कारागारों में निरुद्ध व्यक्तियों को भी प्रशिक्षण प्रदान कर 2,862 बंदियों और किशोरों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जोड़ा गया है।
उद्यमिता को मिला प्रोत्साहन
प्रदेश में उद्यमिता विकास को बढ़ावा देने के लिए इंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया के माध्यम से अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके तहत गोरखपुर जनपद में 1,125 युवा उद्यमियों को प्रशिक्षित किया गया। अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग की 6,600 महिलाओं को मीडिया एवं एंटरटेनमेंट सेक्टर में प्रशिक्षण दिया गया है।
डिजिटल लर्निंग और उद्योगों से साझेदारी
प्रदेश के युवाओं को कभी भी, कहीं भी प्रशिक्षण की सुविधा देने के लिए लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल विकसित किया गया है, जहां एनसीवीईटी द्वारा अनुमोदित पाठ्यक्रमों के डिजिटल संस्करण उपलब्ध हैं।
उद्योगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए अब तक 80 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने मिशन से जुड़ने में रुचि दिखाई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विजन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मिशन के तहत युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई नवीन योजनाएं संचालित की जा रही हैं। ‘श हुनर हाथ’ परियोजना के अंतर्गत प्रशिक्षित घरेलू कामगारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
साथ ही HCL, IBM, MNNIT और IIIT प्रयागराज के सहयोग से युवाओं को आधुनिक तकनीकी और फ्यूचरिस्टिक कोर्सेज में प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
कौशल विकास मिशन ने प्रदेश के युवाओं को न सिर्फ रोजगार उपलब्ध कराया है, बल्कि स्वावलंबन की दिशा में ठोस कदम बढ़ाते हुए “आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश” के सपने को साकार करने की दिशा में बड़ी भूमिका निभाई है।





