शादी समारोह के बाद टेंट खोलते समय हुआ हादसा, पुलिस जाँच मे जुटी
महोबा। कस्बे के भटेवरा रोड स्थित हटवारा मुहाल में एक मकान की छत पर लगाए गए टेंट को मंगलवार को खोलते समय पास में निकली हाईटेंशन लाइन में लोहे का पाइप टच हो जाने से टेंट खोल रहा श्रमिक करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गई है।
नगर के हटवारा मुहाल स्व. श्याम सिंह की पुत्री छाया की शादी में मंडप कार्यक्रम के लिए छत पर टेंट लगाया गया था। कार्यक्रम के बाद दूसरे दिन नगर का टेंट श्रमिक अबरार (44) पुत्र इमाम बख्श निवासी राजावार्ड अपने साथियों के साथ मकान की छत पर लगा टेंट में लगी चांदनी को खोल रहा था, तभी मकान के बाहर पास से निकली 11 हजार की हाईटेंशन लाइन से लोहे का पाइप टकरा गया। जिससे श्रमिक करंट में चपेट में आकर बुरी तरह से सुलझ गया और उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पड़ोस के लोगों ने बिजली लाइन को बंद कराया और आनन फानन में श्रमिक को अस्पताल ले गए। जहां पर डाक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार पंकज गौतम, क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक व कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार सिंह, क्राइम इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह पुलिस स्टाफ के जांच पड़ताल शुरू की। बताया कि मृतक की शादी नहीं हुई थी वह अकेला रहकर एक नगर के टेंट हाउस में मजदूरी का कार्य करता था।





