Thursday, October 2, 2025
spot_img
HomeUttar PradeshPrayagrajUP News: प्रयागराज जंक्शन पर दोपहर ढ़ाई बजे से बिजली गुल, ठंडे...

UP News: प्रयागराज जंक्शन पर दोपहर ढ़ाई बजे से बिजली गुल, ठंडे पानी और चाय तक को तरसे यात्री

प्रयागराज जंक्शन पर गुरुवार को दोपहर में बिजली गुल होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्लेटफार्मों पर अंधेरा छा गया स्टालों पर खरीदारी ठप हो गई और ठंडे पानी के लिए यात्री भटकते रहे। रेलवे अधिकारियों ने तकनीकी खराबी को कारण बताया और आपातकालीन आपूर्ति शुरू करने की बात कही। देर रात बिजली आपूर्ति सुचारू हो पाई।

प्रयागराज। प्रयागराज जंक्शन पर गुरुवार को दोपहर लगभग ढ़ाई बजे अचानक बिजली गुल हो गई, जिससे प्लेटफार्म नंबर एक से छह तक स्टालों में घुप्प अंधेरा छा गया। शाम साढ़े सात बजे कुछ मिनट के लिए बिजली आई लेकिन दोबारा कटी तो देर रात तक बिजली नहीं आई।

लाइट न होने से यात्रियों और स्टाल संचालकों को भयंकर गर्मी में मुश्किलों के हवाले कर दिया। दोपहर से देर रात तक स्टालों पर फ्रीजर बंद होने से पेय पदार्थ व खाद्य सामग्री की खरीदारी नहीं हुई। यात्री ठंडे पानी के लिए स्टालों पर भटकते रहे लेकिन फ्रीजर न चलने के कारण उन्हें पानी नहीं मिल सका। इससे प्लेटफार्म पर अफरा-तफरी का माहौल दिन भर बना रहा। यात्री सामान संभालते हुए स्टाल दर स्टाल ठोकरें खा रहे थे।

वहीं शाम ढलने के बाद खानपान स्टालों पर खरीदारी ठप हो गई, क्योंकि न तो सामान दिख रहा था और न ही बिजली के अभाव में स्टाल संचालक कुछ बेच पा रहे थे। चाय तक स्टालों पर नहीं मिल पा रही थी। आपातकालीन हैलोजन लाइट्स से रोशनी तो हुई, लेकिन यह स्टालों के लिए नाकाफी थी। ट्रेनों का संचालन जारी रहा, मगर अव्यवस्था ने यात्रियों का धैर्य तोड़ दिया।

यात्री अभिनव गुप्ता, जो दिल्ली जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहे थे, ने बताया, “अंधेरे में कौन सा सामान किससे खरीदें, पानी ठंडा मांगा तो दुकानदार ने बोला गर्म ही मिलेगा, लेना है तो लो। जब लाइट ही नहीं है तो पानी ठंडा करके दे कैसे। एक अन्य यात्री, तेलियरगंज की सुनीता देवी, ने कहा, “मेरे साथ दो छोटे बच्चे थे, दोनों को ठंडा पानी और कुछ खाने के लिए चाहिए था लेकिन स्टालों पर अंधेरा होने के कारण कहीं जा ही नहीं पा रहे हैं।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि टेक्निकल फाल्ट के कारण यह समस्या आई है, मगर दोपहर से देर रात तक की कटौती ने इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंडल पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे को विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पाने के कारण यहां सुविधा बाधित हुई थी। इस दौरान आपातकालीन आपूर्ति शुरू की गई। हालांकि स्टाल आदि पर लाइट नहीं थी। रात में नियमित आपूर्ति शुरू करा दी गई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular