पटेलनगर चौराहे पर एलईडी के माध्यम से दिखाया गया केन्द्रीय बजट का सजीव प्रसारण
भाजपा नेताओं ने बजट को बताया विकास और जनकल्याण का रोडमैप
फतेहपुर को मिला हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का बड़ा तोहफा
फतेहपुर। केन्द्र सरकार द्वारा लोकसभा में केन्द्रीय बजट 2026–27 प्रस्तुत किए जाने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा पटेलनगर चौराहे पर एलईडी स्क्रीन लगाकर बजट का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, खागा विधायक कृष्णा पासवान, अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता, जहानाबाद विधायक राजेंद्र पटेल तथा पूर्व विधायक विक्रम सिंह मौजूद रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि आज का केन्द्रीय बजट जन-जन के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इस बजट में कृषि क्षेत्र को नई ऊंचाई देने के लिए लघु एवं सीमांत किसानों की आय बढ़ाने हेतु विशेष योजनाएं बनाई गई हैं। साथ ही मत्स्य पालन को प्रोत्साहन देने के लिए समितियों, विशेषकर महिला सदस्यों की भागीदारी बढ़ाने का प्रावधान किया गया है। खागा विधायक कृष्णा पासवान ने कहा कि बजट में बुजुर्गों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए देशभर में एक लाख पचास हजार केयर टेकर की व्यवस्था की जाएगी।
इसके साथ ही शुगर, कैंसर सहित सात गंभीर बीमारियों की दवाइयों को सस्ता किया गया है, जो स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता ने कहा कि फतेहपुर जिले के लिए सबसे बड़ी सौगात यह है कि प्रस्तावित सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में से दिल्ली-वाराणसी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर जिले के पास से होकर गुजरेगा, जिससे जिले के विकास को गति मिलेगी।
इसके अलावा सरकार ने छोटे शहरों और तीर्थ स्थलों की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए भी विशेष बजट का प्रावधान किया है। जहानाबाद विधायक राजेंद्र पटेल ने बताया कि किसानों के पशुओं के इलाज के लिए पशु चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है और बड़ी संख्या में पशु चिकित्सकों को तैयार करने की योजना बनाई गई है। साथ ही आयकर दाताओं के हित में एक अप्रैल से नए आयकर फॉर्म लागू किए जाएंगे।
इस अवसर पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह ने कहा कि यह बजट सभी वर्गों के लिए जन-उपयोगी है। दुर्घटना बीमा राशि को पूरी तरह से आयकर मुक्त किया गया है। छोटे शहरों के विकास के लिए सरकार द्वारा 200 करोड़ रुपये के अमृत बॉन्ड जारी किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने बजट को देश के समग्र विकास की दिशा में एक मजबूत कदम बताया।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज शुक्ला, दिनेश बाजपेई, कार्यक्रम संयोजक सुशीला मौर्या, सह-संयोजक प्रदीप गर्ग, पंकज त्रिवेदी, नीरज सिंह, पुष्पराज पटेल, उदय लोधी, अर्चना त्रिपाठी, अपर्णा सिंह गौतम, कुलदीप भदौरिया, पुष्पा पासवान, ज्योति प्रवीण, पंकज त्रिपाठी, राम प्रकाश गुप्ता, जसवंत गिहार, विजय प्रताप सिंह, सुमित द्विवेदी, शरद श्रीवास्तव, अंकित मिश्रा, मंजू शुक्ला, ओम मिश्रा, वंदना द्विवेदी, जयप्रकाश फौजी, दिनेश तिवारी, अक्षय लोधी, डॉ. शिवप्रसाद त्रिपाठी, बच्चा तिवारी, पूनम श्रीवास्तव, ज्ञाना पासवान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





