जामो थाना क्षेत्र के कटारी गांव में पैसे के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस संघर्ष में दो महिलाओं सहित कुल पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने कटारी गांव निवासी आदर्श तिवारी ने गांव के ही राजेश कुमार पासी के खेत की ट्रैक्टर से जुताई की थी। मंगलवार की सुबह आदर्श तिवारी और वकील तिवारी अपना बकाया पैसा मांगने राजेश के पास गए थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के परिजन आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे तथा लात-घूंसे चलने लगे। एक पक्ष के पवन कुमार तिवारी ने बताया कि उन्होंने राजेश के खेत की जुताई की थी, लेकिन जब आज पैसे मांगने गए तो राजेश ने पैसे देने से मना कर दिया और मारपीट शुरू कर दी। पवन के अनुसार, राजेश, उसके भाई झबू और परिवार के सदस्य सोनू, मोनू, पिंकू, अभिषेक ने उनके परिवार के लोगों के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं हैं।
इस घटना में दोनों पक्षों से दो महिलाओं सहित कुल पांच लोग घायल हुए हैं, जिनका स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में इलाज चल रहा है। जामो थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है और एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





