शोहरतगढ़ सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार देर शाम बड़ी सफलता हासिल की। बार्डर रोड पर परसौना गांव के पास एक ई-रिक्शा से दो महिलाओं के कब्जे से 240 शीशी नेपाली कर्णाली शराब बरामद की गई। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक सहित तीनों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट में कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार 43वीं वाहिनी एसएसबी कैंप खुनुवां के जवान गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो महिलाएं ई-रिक्शा से नेपाली शराब लेकर शोहरतगढ़ की ओर आ रही हैं। सूचना पर टीम पिलर संख्या 556 से 556/1 के बीच चौकसी बढ़ाकर छिपकर इंतजार करने लगी। कुछ देर बाद संदिग्ध ई-रिक्शा आने पर टीम ने उसे रोक लिया।
तलाशी में ई-रिक्शा से 105-105 शीशी नेपाली शराब बरामद हुई। वहीं महिला कांस्टेबल ने जब दोनों महिलाओं की तलाशी ली तो उनके पास से 15-15 शीशी अतिरिक्त शराब मिली। पूछताछ में महिलाओं ने अपनी पहचान संगीता पत्नी बीरेंद्र निषाद निवासी नीबी दोहनी और सरिता पत्नी महेंद्र गौड़ निवासी गड़ाकुल के रूप में बताई। ई-रिक्शा चालक की पहचान मुबारक अली निवासी वार्ड नंबर 9, नगर पंचायत शोहरतगढ़ के रूप में हुई।
तीनों के खिलाफ 63/72 आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज कर उन्हें ई-रिक्शा व बरामद शराब के साथ थाना शोहरतगढ़ पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
संयुक्त टीम में एसएसबी के कांस्टेबल अजय यादव, रोशन कुमार, महिला कांस्टेबल नम्रता साहू, गायत्री सिंह, तथा खुनुवां पुलिस चौकी के कांस्टेबल अजीत यादव व आशीष कुमार शामिल रहे।





