ट्रिपल आईटी लखनऊ के बीटेक 2026 बैच के प्लेसमेंट में शानदार प्रदर्शन रहा। 218 में से 194 छात्रों को नौकरी मिली, जिसमें एक छात्र को एक करोड़ रुपये से अधिक का पैकेज मिला।
लखनऊ। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) लखनऊ में बीटेक सत्र 2026 बैच के विद्यार्थियों ने इस बार प्लेसमेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। मेटा, गूगल, माइक्रोसाफ्ट, अमेजन, मीशो, रुब्रिक, क्रेड जैसी देश-विदेश की बड़ी कंपनियों में अभी तक 218 में से 194 छात्र-छात्राओं का प्लेसमेंट हो चुका है।
खास बात यह है कि इस साल प्लेसमेंट में सालाना पैकेज एक करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है। वहीं, औसत पैकेज ₹35.6 लाख प्रति वर्ष रहा, जो पिछले वर्ष के ₹33.7 लाख से अधिक है। बड़ी उपलब्धि मीडियन पैकेज में दर्ज हुई, जो पिछले वर्ष के ₹26 लाख से बढ़कर इस वर्ष ₹36.5 लाख रुपये सालाना हो गई।
संस्थान के अनुसार, बीटेक कंप्यूटर साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के छात्र वेदांत गोरे ने अमेरिका की प्रतिष्ठित साइबर सिक्योरिटी कंपनी रूब्रिक से एक करोड़ रुपये से अधिक का पैकेज हासिल किया। वेदांत छत्रपति नगर, अकोला रोड हिंगोली, महाराष्ट्र के रहने वाले हैं।
वहीं, बीटेक कंप्यूटर साइंस एवं बिजनेस के छात्र व अहमदाबाद निवासी अंकित यादव को इंटरनेट मीडिया की दिग्गज कंपनी मेटा ने ₹80 लाख से अधिक का ऑफर दिया है। 192 में से 76 विद्यार्थियों को 50 लाख से अधिक, 96 को 20 से 50 लाख के बीच और 22 विद्यार्थियों को 20 लाख से कम का पैकेज मिला है। अभी प्लेसमेंट प्रक्रिया जारी है।
संस्थान के निदेशक डाॅ. अरुण मोहन शेरी ने कहा कि ये परिणाम हमारे विद्यार्थियों की मेहनत, संस्थान के फैकल्टी और स्टाफ के सहयोग से मिले हैं। हमारा लक्ष्य अपने विद्यार्थियों को अच्छे प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराना है। रुब्रिक, मेटा और माइक्रोसाफ्ट जैसी विश्व स्तरीय कंपनियों में प्लेसमेंट बड़ी उपलब्धि है।
संस्थान के फैकल्टी इंचार्ज ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट डा. अभिनेष कौशिक ने बताया कि हर साल लगातार कपंनियां बढ़ रही हैं। इस बार माइक्रोसाफ्ट कंपनी ने भी प्लेसमेंट दिया है।
अब कंपनियों ने अपनी स्ट्रैटजी बदली है। कपंनियां इंटरव्यू के दौरान छात्र-छात्राओं से एक लक्ष्य एलएलडी-लो लेवल डिजाइन तैयार कराते हैं, इससे उनकी स्किल आदि का पता चलता है। उसी आधार पर हम विद्यार्थियों को तैयार करते हैं।





