महराजगंज। जनपद में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक श्री जयमंगल कन्नौजिया ने 250 लाभार्थियों को टूलकिट के रूप में सिलाई मशीन वितरित की तथा वित्तीय वर्ष 2025–26 के प्रथम प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ किया।
प्रशिक्षण सत्र में दर्जी व हलवाई ट्रेड में कुल 300 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। विधायक ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार के नेतृत्व में योजनाएं अब पारदर्शी तरीके से जरूरतमंदों तक पहुँच रही हैं और महिलाएं इनसे आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं।
उन्होंने कहा कि सिलाई मशीन व प्रशिक्षण से महिलाएं न केवल अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं, बल्कि दूसरों को भी आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दे रही हैं। उल्लेखनीय है कि अब तक योजना के अंतर्गत कुल 450 लाभार्थियों को टूलकिट प्रदान की जा चुकी है।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण उपायुक्त उद्योग ने दिया तथा संचालन आशीष सोनी ने किया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक राम दरश चौधरी, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, केवीआईवी प्रधानाचार्य ध्यानचंद सहित अन्य अधिकारी व लाभार्थी उपस्थित रहे।





