Lucknow Weather Today| लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया, जिससे दिन में अंधेरा छा गया और बिजली गुल हो गई।
लखनऊ में सोमवार की सुबह अचानक मौसम बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए और सुबह नौ बजे ही अंधेरा छा गया।
गरज – चमक के साथ तेज हवा और बारिश होने लगी। आलम यह रहा कि इस दौरान सड़कों पर चल रहे वाहनों को लाइट जलानी पड़ी। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन के लिए प्रदेशभर में हल्की से मध्यम वर्षा, आंधी और ओलावृष्टि की चेतावानी जारी की है।
उधर, सीएम योगी आदित्यनाथ ने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि खराब मौसम के दौरान बच्चों को घर के अंदर ही रखें। साथ ही प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
तीन फ्लाइट आसमान में ही चक्कर काट रहे
लखनऊ का मौसम सोमवार सुबह अचानक खराब होने के कारण चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट आ रहे तीन विमान फंस गए। यह विमान अभी आसमान में ही चक्कर काट रहे हैं। होल्डिंग फ्यूल कम होने पर विमानों को दूसरे एयरपोर्ट डायवर्ट किया जा सकता है।
दिल्ली से लखनऊ आने वाला विमान 6ई 6476, हैदराबाद से आने वाला 6ई 179 और चंडीगढ़ से आने वाला विमान 6ई 146 हवा में चक्कर लगा रहे हैं।
सीतापुर में बारिश से तापमान में गिरावट
सीतापुर में भी सुबह ठंडी हवाओं के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जिले का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिससे लोगों ने सुकून महसूस किया।
किसानों के खिले चेहरे
बारिश से जहां आमजन को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। इस बारिश से गन्ना किसानों को काफी राहत मिली है। काफी दिनों से हो रही तेज धूप के कारण सूखने की कगार पर पहुंच चुके गन्ने की बारिश से अच्छी सिंचाई हो गई।
बिजली कटौती ने किया परेशान
अचानक हुई बारिश के कारण बिजली कटौती हो गई। जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्र की बिजली गुल होने से दैनिक दिनचर्या प्रभावित हुई।
झमाझम बारिश से मौसम सुहाना, गर्मी से मिली राहत
मुरादाबाद। बीती रात करीब तीन बजे शुरू हुई बारिश सुबह आठ बजे तक रुक-रुक कर होती रही। वर्षा से मौसम सुहाना हो गया और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। न्यूनतम तापमान गिरकर 21 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
बरेली में झमाझम बारिश से बदला मिजाज
सोमवार सुबह करीब चार बजे आसमान काले बादलों से घिर गया। गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ शुरू हुई झमाझम बारिश ने पूरे क्षेत्र को सराबोर कर दिया है।





