जनपद में उर्वरक का पर्याप्त स्टॉक, किसानों को पारदर्शी वितरण का निर्देश
महराजगंज। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सोमवार को लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अब तक प्रदेश के 2.80 करोड़ किसानों को 90,354.32 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध कराई गई है। इसमें महराजगंज जिले के 5 लाख से अधिक किसानों को 1,551.48 करोड़ रुपए सीधे खातों में भेजे गए हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार की नीतियों से खाद्यान्न, दूध और नकदी फसलों का उत्पादन बढ़ा है और प्रदेश में कृषि विकास दर 17 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि उर्वरक वितरण में इस वर्ष किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराया गया है। पिछले वर्ष 15 अगस्त तक 26.31 लाख एमटी यूरिया वितरित हुआ था, जबकि इस वर्ष इसी अवधि में 30.68 लाख एमटी यूरिया उपलब्ध कराया गया। महराजगंज जिले में भी इस वर्ष अब तक 48,813 एमटी यूरिया वितरित किया जा चुका है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3,000 एमटी अधिक है। वर्तमान में जिले में 5,544 एमटी यूरिया का स्टॉक उपलब्ध है।
कृषि मंत्री ने कहा कि समीक्षा में पाया गया है कि कुछ किसानों ने बार–बार खरीद कर आवश्यकता से अधिक यूरिया उठाया है। जून और जुलाई माह में 1.5 एमटी से 2 एमटी तक यूरिया खरीदने वाले 10–10 किसानों की सूची तैयार की गई है। जिला प्रशासन को इनके क्रय और रकबे की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई किसान आवश्यकता से अधिक उर्वरक खरीदता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और उन्हें पारदर्शी ढंग से उर्वरक उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी विक्रेता या समिति की अनियमितता पर कठोर कार्यवाही की जाएगा।





