पनियरा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष एवं विजयादशमी उत्सव पर हुआ भव्य पथ संचलन
महराजगंज। पनियरा नगर के वीर बहादुर मेमोरियल डिग्री कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों द्वारा संघ शताब्दी वर्ष एवं विजयादशमी उत्सव के उपलक्ष्य में भव्य पथ संचलन एवं जनजागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अनुशासन, उत्साह और देशभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रही थी।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक राजीव नयन ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने सौ वर्ष पूर्ण कर गौरवशाली इतिहास रच रहा है। इस सौ वर्षीय यात्रा में संघ ने अनेक उतार-चढ़ावों का सामना किया, किंतु समाजसेवा, संगठन और राष्ट्रनिर्माण के प्रति अपनी निष्ठा को सदैव बनाए रखा। राजीव नयन जी ने कहा कि “पंच परिवर्तन” से ही समाज परिवर्तन संभव है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और देशभक्ति एक-दूसरे के पर्याय हैं। शाखा से जो संस्कार प्राप्त होते हैं, वही आगे चलकर एक सशक्त राष्ट्र की आधारशिला बनते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरुण राव (अवकाश प्राप्त शिक्षक) ने की। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि पनियरा में संघ का यह विशाल रूप हम सभी को शक्ति और गर्व का अनुभव करा रहा है। नगर के युवा राष्ट्रभक्ति की भावना से प्रेरित होकर समाजसेवा में योगदान दे रहे हैं। मंच पर रामचंद्र भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला प्रचार प्रमुख जीवेश, खण्ड कार्यवाह दीपक, सह खण्ड कार्यवाह योगेन्द्र, अशोक, हेमन्त, मनोज, आकाश गुप्ता, अरविन्द, अमन, अरविंद सिंह, संदीप जयसवाल, रामबचन जी, रंजीत, नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश, ब्लॉक प्रमुख वेद प्रकाश शुक्ला, उमाशंकर ,राजेश पाल,नरसिंह,दीपक जयसवाल, बलराम, रवि, सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।





