शोषित और वंचित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा जनेश्वर मिश्र का पूरा जीवन -महेन्द्र यादव
गुरुवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय में समाजवादी विचारक और ‘छोटे लोहिया’ के नाम से प्रसिद्ध जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि मनाई गई। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। सभी ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन और योगदान को याद किया।
जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने जनेश्वर मिश्र को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने आजीवन समाजवादी मूल्यों, सामाजिक न्याय और लोकतंत्र के लिए संघर्ष किया। वे शोषित-वंचित वर्गों के अधिकारों के प्रबल समर्थक थे। यादव ने कहा कि मिश्र सादगी, ईमानदारी और सिद्धांतों की राजनीति के प्रतीक थे, जिनका जीवन जनसेवा और विचारधारा के प्रति समर्पण का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी। जिला महामंत्री अरशद अहमद ने जनेश्वर मिश्र के योगदान को समाजवादी आंदोलन के इतिहास में अविस्मरणीय बताया। उन्होंने युवाओं से उनके विचारों को आत्मसात कर समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
महेंद्र यादव ने कहा कि जनेश्वर मिश्र ने समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया। उनका पूरा जीवन गरीब, शोषित और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा। उन्होंने सभी से उनके आदर्शों पर चलकर सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का आग्रह किया। इस अवसर पर महेंद्र यादव, विनोद यादव, चंद्रशेखर यादव, दीपू तिवारी, राकेश यादव, मुकेश विश्वकर्मा, मंजू पाल, अशोक कुमार पटेल आदि मौजूद रहे।





