चन्दौली । अपने लोकसभा क्षेत्र के विकास को लेकर सदैव तत्तपर भदोही सांसद डॉ. विनोद बिंद ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। उन्होंने लाला नगर टोल प्लाजा के पास फुट ओवर ब्रिज के निर्माण की रखी मांग है। सांसद ने बताया कि इस स्थान पर सड़क पार करते समय आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
सांसद ने इस संबंध में मंत्री गडकरी को एक पत्र भी सौंपा। पत्र में उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे 19 पर स्थित लाला नगर टोल प्लाजा के पास यातायात का अत्यधिक दबाव रहता है। आसपास की बड़ी आबादी को रोजाना हाईवे पार करना पड़ता है, जिसमें छात्र-छात्राएं, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हैं।
फुट ओवर ब्रिज न होने के कारण लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे आए दिन छोटी-बड़ी सड़क दुर्घटनाएं घटित होती रहती हैं। सांसद ने जोर दिया कि फुट ओवर ब्रिज के निर्माण से हजारों लोगों को आवागमन में आसानी होगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
सांसद डॉ. विनोद बिंद ने बताया कि उन्होंने नितिन गडकरी से भेंट कर फुट ओवर ब्रिज निर्माण की मांग की है, जिस पर मंत्री ने जल्द से जल्द इस कार्य को कराने का आश्वासन दिया है। सांसद ने यह भी जानकारी दी कि इस मुलाकात के दौरान लोकसभा क्षेत्र की विभिन्न अन्य समस्याओं के संदर्भ में भी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री से चर्चा की गई। मंत्री ने इन मामलों के निस्तारण को लेकर भी आश्वासन दिया है।
बताते चले कि अपने भदोही लोकसभा क्षेत्र के विकास के लिए तत्पर बीजेपी सांसद डॉ विनोद बिंद अपने संसदीय क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, जैसे सड़कों का निर्माण, पुलों का विकास, और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व पानी की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं।
इसके साथ ही, वे शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए नई परियोजनाएं भी ला रहे हैं। इनका ध्यान स्थानीय लोगों के जीवन स्तर को सुधारने और उनके लिए रोजगार के अवसर पैदा करने पर केंद्रित है। वे केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में लगे हुए हैं।





