तीन साल से अधूरा पड़ा इंटरलॉकिंग मार्ग राहगीरों और स्थानीय लोगों में रोष

0
1713

जलालपुर, अंबेडकरनगर नगर पालिका परिषद जलालपुर क्षेत्र में विकास कार्यों की धीमी गति एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नगर पालिका कार्यालय के मुख्य गेट के सामने स्थित रामलीला मैदान मे इंटरलॉकिंग निर्माण का कार्य पिछले लगभग तीन माह से अधूरा पड़ा हुआ है। निर्माण एजेंसी द्वारा मार्ग का बॉर्डर बनाकर गिट्टी बिछा दी गई, लेकिन इसके बाद कार्य को बीच में ही छोड़ दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से अधूरा पड़ा यह निर्माण कार्य दुर्घटनाओं को भी आमंत्रित कर रहा है। रामलीला ग्राउंड पर बिखरी गिट्टियों के कारण पैदल चलने वालों, दोपहिया वाहन चालकों तथा आसपास के दुकानदारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद जिम्मेदार ठेकेदार ने दोबारा कार्यस्थल की सुध नहीं ली।

नगर पालिका कार्यालय के ठीक सामने स्थित होने के बावजूद कार्य का महीनों तक अधूरा रहना चर्चा का विषय बना हुआ है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि नगर पालिका के सामने ही विकास कार्यों की यह स्थिति है, तो अन्य क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

इस संबंध में जब अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि संबंधित ठेकेदार से पहले भी वार्ता की गई थी। ठेकेदार ने एक सप्ताह के भीतर कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन किसी कारणवश वह कार्य पुनः शुरू नहीं करा सका। अधिशासी अधिकारी ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और ठेकेदार से दोबारा बात कर शीघ्र समाधान कराया जाएगा।

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि अधूरा पड़ा इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य जल्द शुरू कराकर पूरा कराया जाएगा, ताकि स्थानीय नागरिकों को राहत मिल सके और आवागमन सुचारु रूप से संचालित हो सके। फिलहाल क्षेत्रवासियों की निगाहें नगर पालिका प्रशासन और संबंधित ठेकेदार पर टिकी हुई हैं। लोगों को उम्मीद है कि तीन माह से लंबित यह कार्य अब जल्द पूरा होगा और उन्हें धूल, गिट्टी तथा अव्यवस्था से निजात मिलेगी।

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here