निर्विरोध सम्पन्न हुआ जामों का चुनाव, मंत्री से अध्यक्ष बन गए सुशील कुमार यादव
जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ जामों का त्रिवार्षिक अधिवेशन संपन्न
जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की जामों ब्लाक इकाई का त्रिवार्षिक अधिवेशन और चुनाव सोमवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र पर हुआ। सभी पदों पर एकल नामांकन होने के कारण पूरी कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गई है। सुशील कुमार यादव को अध्यक्ष , प्रवीण कुमार द्विवेदी को मंत्री और जीतलाल को कोषाध्यक्ष चुना गया है।
जिला उपाध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा और जिला कोषाध्यक्ष देवी शरण कनौजिया ने पर्यवेक्षक के रूप में चुनाव को सम्पन्न कराया। अधिवेशन के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से कम नामांकन वाले विद्यालयों को मर्ज करने के फैसले का तीखा विरोध हुआ। जिला अध्यक्ष अब्दुल रसीद ने कहा कि गांवों में कोई भी जनप्रतिनिधि और अभिभावक सरकार के फैसले के पक्ष में नहीं है। उत्तर प्रदेश सरकार निजीकरण की नीतियों की पैरोकार है और बेसिक शिक्षा विभाग को खत्म कर प्राथमिक शिक्षा को निजी हाथों में सौंपना चाहती है।
स्कूलों को मर्जर करने की मंशा आर टी ई के प्रावधानों के विपरीत है। सरकार निजी स्कूलों को बढ़ावा देकर गरीबों के बच्चों को अनिवार्य और निशुल्क शिक्षा से वंचित करना चाहती है। सभी शिक्षक अपने तैनाती के विद्यालयों में ईमानदारी और निष्ठा से शिक्षण कार्य करते हुए अभिभावकों का विश्वास जीतें। भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों से डरने की जरूरत नहीं, संगठन पूरी ताकत से लड़ाई लड़ेगा।
अधिवेशन को प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के महामंत्री रमाकांत मौर्य, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयराम कनौजिया, अजय मौर्य,मो वसीम, हरिभान सिंह,राम कृष्ण, मारूति यादव, अनिल चौरसिया,परशु राम, सुरेश प्रताप सिंह आदि ने संबोधित किया। सेवानिवृत्त शिक्षक जगजीवन प्रसाद,राम समुझ, राजेश्वरी देवी आदि मौजूद रहे।





