अमृत सरोवर के चारों तरफ साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश
महोबा। गौ-संरक्षण के लिए गौशालाओं का समुचित क्रियान्वयन उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।इसी दृष्टिकोण से गुरुवार को जिलाधिकारी गजल भारद्वाज नें विकास खंड जैतपुर के ग्राम लाडपुर में गौ-शाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पंजीयन रजिस्टर को व्यवस्थित करने तथा गोबर का व्यवसायिक उपयोग कराने के लिए संबंधित को निर्देशित किया।
उन्होंने निराश्रित गोवंशों के लिए भूसा, पीने योग्य पानी, हरा चारा, साफ सफाई व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने गोवंशों की नियमित देखरेख के लिए निर्देशित करते हुए गोवंशों की ईयर टेगिग एवं भूसे की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि गौशाला में गोवंशों के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा चारा व चोकर उपलब्ध है।
निरीक्षण के दौरान केयरटेकर उपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि गोवंशों की नियमित जांच की जाए और कैमरो की संख्या बढ़ाई जाए। इसी क्रम में जिलाधिकारी नें अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत सरोवर के चारों तरफ साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश डीपीआरओ को दिए। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, उपजिलाधिकारी डॉ प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित रहे।





