यूपीएससी, यूपीपीएससी, एसएससी, जेईई एवं नीट की कोचिंग हेतु विषय विशेषज्ञों से आवेदन आमंत्रित
जिला समाज कल्याण अधिकारी वीरपाल ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। योजना के संचालन के लिए शासन द्वारा समय-समय पर दिशा-निर्देश एवं गाइडलाइन जारी की गई हैं।
उन्होंने बताया कि शैक्षिक सत्र 2026-27 में जनपद कानपुर नगर में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी), कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी), संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) एवं राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कराने के लिए कक्षाओं का संचालन किया जाना है। इसके लिए विभिन्न विषयों के अतिथि प्रवक्ता, व्याख्याता एवं विषय विशेषज्ञों की आवश्यकता है।
यूपीएससी एवं यूपीपीएससी वर्गों के लिए इतिहास, भूगोल, भारतीय अर्थव्यवस्था, भारतीय राजव्यवस्था एवं सुशासन, अंतरराष्ट्रीय संबंध, भारतीय समाज, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण एवं आपदा प्रबंधन, आंतरिक सुरक्षा, नीतिशास्त्र, उत्तर प्रदेश विशेष, सीसैट तथा समसामयिक विषयों के विशेषज्ञों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसी प्रकार एसएससी वर्गों के लिए गणित, तर्कशक्ति, हिंदी, अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान, समसामयिक घटनाक्रम एवं सामान्य विज्ञान तथा जेईई एवं नीट वर्गों के लिए भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान एवं गणित विषय के विशेषज्ञों की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि संबंधित विषय में परास्नातक उपाधि रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। नेट, जेआरएफ अथवा पीएचडी धारक अभ्यर्थियों को वरीयता प्रदान की जाएगी। साथ ही किसी कोचिंग संस्थान अथवा महाविद्यालय में अध्यापन अनुभव रखने वाले एवं प्रोफेशनल अभ्यर्थियों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। जेईई एवं नीट वर्गों के लिए ऐसे अभ्यर्थियों को भी वरीयता मिलेगी जिन्होंने स्वयं इन परीक्षाओं में प्रतिभाग किया हो।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि विषय विशेषज्ञों से आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि पूर्व में 20 जून 2026 निर्धारित की गई थी, किंतु अपेक्षाकृत कम आवेदन प्राप्त होने के कारण अब आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 27 जून 2026 कर दी गई है।
उन्होंने इच्छुक विषय विशेषज्ञों से अपील की है कि वे अपना आवेदन पत्र, जीवनवृत्त (सीवी), अनुभव प्रमाण-पत्र एवं संबंधित शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की प्रतियां 27 जून 2026 तक कार्यालय जिला समाज कल्याण अधिकारी, कक्ष संख्या-23, विकास भवन, कानपुर नगर में कार्य दिवसों में प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक अनिवार्य रूप से जमा करें। आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।





