जलभराव से दो दर्जन से अधिक दुकानों में भर गया पानी
बांसी सिद्धार्थनगर। मंगलवार की देर रात हुई भारी बारिश से कस्बे की सूरत बिगड़ गई है। प्रमुख सड़को, गली मोहल्लों में जल भराव हो गया। कोतवाली रोड और मंगलबाजार में हुए जलभराव से दो दर्जन से अधिक दुकानों में पानी भर गया जिससे व्यापारियों को काफी नुकसान हुआ है। इसके लिए लोग नगर पालिका को जिम्मेदार ठहरा रहे है। लोगो का कहना है कि शुरुआती बरसात ने नगर पालिका के जल निकासी के व्यवस्था की पोल खोल दिया है। वही मंगल बाजार में हुए जलभराव के लिए लोग लोक निर्माण विभाग को जिम्मेदार ठहरा रहे है। सर्राफा मार्केट में भी जलभराव होने से कई दुकानों में पानी भर गया और लोगों का काफी नुकसान हुआ है।
कोतवाली रोड के सड़क पर दो से तीन फिट बहता पानी दुकानों के अन्दर तक घुस गया जिससे उनका लाखों रुपयों का सामान भीग गया। दुकानदारों का कहना है कि सुबह जब दुकान खोला तो अंदर का नजारा देखकर चिंतित हो गए तथा दुकान का जो सामान बचने योग्य था उसे सुरक्षित करने में जुट गए। बउरहवा बाबा मंदिर मार्ग पर भी नाले की गंदगी लेकर पानी सड़क पर बह रहा था ।तहसील परिसर, ब्लाक परिसर में दो से तीन फिट जलभराव हो गया। मंगलबाजार की मुख्य सड़क पर जलभराव होने से कई दुकानों में पानी भर गया जिससे कुछ दुकानदारों को काफी नुकसान का सामना करना पड़ा है। प्रतापनगर वार्ड की श्रीवास्तव कॉलोनी सहित कई सड़को और मोहल्लों में जलभराव हो गया।है जहां नगरवासी पानी में सड़क को तलाश रहे थे।
इंद्रा नगर मे जल निकासी की समस्या इतनी जटिल हो गई है कि मामूली बारिश भी लोगों को बुरी तरह प्रभावित कर रही है। मंगल बाजार के लोगो का कहना है कि अभी एक माह पूर्व लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क और नाला का निर्माण किया है नाले को सड़क से ऊपर कर दिया गया है और नाले में कही होल नहीं किया गया है जिससे सड़क पर जलभराव होकर दुकानों में जा रहा है। लोगो का कहना है कि इसकी शिकायत कई बार लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदारों से किया गया है इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।





