जलालपुर (अंबेडकरनगर) ए.एस.पी. विद्यापीठ, फखरपुर में आयोजित स्व. अनिरुद्ध सिंह परिवार कैनवास बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ आज 17 दिसंबर 2026 को हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन अयोध्या जनपद के गोसाईगंज विधायक अभय कुमार सिंह ने किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन मुकाबले दो शिफ्टों में खेले गए। पहले शिफ्ट में अजईपुर और अमौली ग्रामसभा की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। अजईपुर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।
बल्लेबाजी करते हुए अमौली की टीम ने 8 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 80 रन बनाए और अजईपुर को जीत के लिए लक्ष्य दिया। जवाब में अजईपुर की टीम 8 ओवर में 9 विकेट खोकर लक्ष्य से सिर्फ एक रन पीछे रह गई, जिससे अमौली ने रोमांचक मुकाबले में 1 रन से जीत दर्ज की।
दूसरे शिफ्ट में बड़ेगांव और फखरपुर की टीमों के बीच मैच खेला गया। इस मुकाबले में बड़ेगांव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
प्रतियोगिता के शुभारंभ पर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया गया।





