बांसी सिद्धार्थनगर। शिवनगर ड़िडई थाना क्षेत्र के करही गांव के पुलिया के पास सड़क के किनारे झाड़ियों के बीच संदिग्ध परिस्थिति में 24 वर्षीय युवक की लाश राहगीरों द्वारा देखी गई। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को तिलौली स्थित सीएचसी पर पहुंचाया, जहाँ डाक्टर ने जांच कर युवक को मृत्यु बताया।
शुक्रवार को करही चौराहे के पास अज्ञात युवक के शव मिलने की बात थोड़ी ही देर पूरे क्षेत्र में फैल गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने युवक की पहचान थाना क्षेत्र के शंकरपुर निवासी सुनील सिंह पुत्र सीताराम सिंह के रुप में किया। परिजनों के मुताबिक सुनील सिंह शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे घर से किसी काम की बात बता कर घर से निकले थे।
अपरान्ह 3:00 बजे तक जब वापस नहीं आए तो घर वाले इधर-उधर खोजने का प्रयास भी कर रहे थे। उसी बीच पता चला कि करही गांव से पहले किसी अज्ञात युवक का शव दिखा है तो मौके पर पहुंचे घर वालों ने युवक की पहचान किया। घर वाले शव का पीएम कराने के पक्ष में नहीं थे। इसलिए परिजनों के लिखित अनुरोध पर शव का पंचनामा कर पुलिस ने शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया।





