बांसी सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए खेसरहा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को घटना के महज 24 घंटे के भीतर दबोच लिया है।
घटना बीते कल यानी 29 मार्च 2026 की है। दोपहर करीब 3:00 बजे ग्राम सोरवामाफी की रहने वाली एक नाबालिग लड़की ग्राम बरनवार में मजदूरी करने गई थी। आरोप है कि उसी के गांव के निवासी रोहन (पुत्र जीवन निषाद) ने खेत में पहुँचकर लड़की के साथ छेड़छाड़ की और उसे गेहूं के खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता की लिखित तहरीर मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना खेसरहा में मु0अ0सं0 40/2026 के तहत धारा 64(2) BNS और 3/4 पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेशानुसार और अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई।थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।सोमवार को पुलिस टीम को सटीक सूचना मिली कि आरोपी भागने की फिराक में है।
तत्परता दिखाते हुए टीम ने बांसी-बेलौहा मार्ग के सोरवामाफी मोड़ पर घेराबंदी की और वांछित अभियुक्त रोहन को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार करने वाली टीम मे थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र, उ0नि0 रवि प्रताप सिंह सेंगर और का0 जितेन्द्र साहनी।पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। सिद्धार्थनगर पुलिस की इस मुस्तैदी की क्षेत्र में सराहना हो रही है।





