Friday, May 3, 2024
spot_img
HomeMarqueeहर क्षेत्र में रखी गई मजबूत बुनियाद: मोदी

हर क्षेत्र में रखी गई मजबूत बुनियाद: मोदी

युवाओं की उड़ान के लिए रनवे तैयार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां 26वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन किया।
युवा शक्ति भारत का ड्राइविंग फोर्स

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को यहां राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 26वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन किया। इस वर्ष, राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन 12 से 16 जनवरी तक कर्नाटक के हुब्बल्लि में कर्नाटक सरकार के सहयोग से केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है। आध्यात्मिक गुरु स्वामी विवेकानंद की जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। उद्घाटन कार्यक्रम यहां के रेलवे खेल मैदान में हुआ, जिसमें कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सहित अन्य नेता उपस्थित थे। इस मौके पर युवाओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि युवा शक्ति भारत का ड्राइविंग फोर्स है। युवा शक्ति की आकांक्षाएं भारत की मंजिल तय करती है। युवा शक्ति का जुनून भारत का रास्ता तय करता है। खिलौनों से लेकर टूरिज्म, डिफेंस से डिजिटल हर क्षेत्र में दुनिया में भारत छाया हुआ है। यह इतिहास का विशेष दौर है। आप विशेष पीढ़ी हैं।
आपके सामने ग्लोबल सीन में भारत का प्रभाव बनाने का विशेष मिशन है। आज गांव हो, शहर हो या कस्बा हो, हर जगह युवाओं का जज्बा उफान पर है। हर मिशन के लिए बुनियाद की जरूरत होती है, चाहे अर्थव्यवस्था हो या शिक्षा, खेल हो या स्टार्ट अप, कौशल विकास हो या डिजिटलाइजेशन हर क्षेत्र में एक मजबूत बुनियाद पिछले 8-9 साल में रखी गई है। युवाओं की उड़ान के लिए रनवे तैयार है।
भारत की महिलाएं आज लड़ाकू विमान उड़ा रही हैं। सेना में जुझारू भूमिकाएं निभा रही हैं। विज्ञान-प्रोद्योगिकी, अंतरिक्ष, खेल, ऐसे हर क्षेत्र में महिलाएं बुलंदियां छू रही हैं। ये उद्घोष है कि भारत अब पूरी शक्ति से अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ रहा है।
राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन करने से ठीक पहले मोदी ने यहां एक रोड शो भी किया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर कतारों में खड़े लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अपनी चलती कार के रनिंग बोर्ड पर खड़े होकर मोदी ने भीड़ की ओर हाथ हिलाया ओर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान रास्ते के दोनों ओर खड़े लोगों में से कई को ”मोदी, मोदी और ”भारत माता की जय के नारे लगाते देखा गया। कुछ स्थानों पर लोगों ने फूलों की पंखुडिय़ों की बारिश की क्योंकि उनका काफिला धीरे-धीरे रास्ते से गुजर रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक राष्ट्रीय युवा महोत्सव राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभावान युवाओं को अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करने के लिए हर साल आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा, ”यह देश के सभी हिस्सों की विविध संस्कृतियों को एक मंच प्रदान करता है और प्रतिभागियों को एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना में बांधता है। इस साल युवा महोत्सव का विषय ”विकसित युवा, विकसित भारत” है। इस सात दिवसीय आयोजन में 28 राज्यों और आठ केंद्रशासित प्रदेशों के युवा शिरकत करेंगे और अपनी प्रतिभा की झलक दिखाएंगे।
अधिकारियों के मुताबिक यह महोत्सव युवा शिखर सम्मेलन का भी साक्षी बनेगा, जिसमें जी-20 और वाई-20 (युवा-20) आयोजनों से संबद्ध पांच विषयों अर्थात कार्य, उद्योग, नवाचार और 21वीं सदी के कौशलों का भविष्य, जलवायु परिवर्तन और आपदा जोखिम में कमी, शांति निर्माण और सुलह, साझा भविष्य-लोकतंत्र और शासन में युवा और स्वास्थ्य एवं कल्याण पर पूर्ण सत्रों का आयोजन किया जाएगा। शिखर सम्मेलन में साठ से अधिक प्रतिष्ठित विशेषज्ञों की भागीदारी होगी। इस दौरान कई प्रतिस्पर्धी और गैर-प्रतिस्पर्धी कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। प्रतिस्पर्धी कार्यक्रमों में लोक नृत्य और गीत शामिल होंगे, जो स्थानीय पारंपरिक संस्कृतियों को प्रोत्साहन देने के लिए आयोजित किए जाएंगे।
गैर-प्रतिस्पर्धी आयोजनों में योगाथन शामिल होगा, जिसका उद्देश्य योग करने के लिए करीब 10 लाख लोगों को एकत्र करना है। इस आयोजन के दौरान राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों द्वारा आठ स्वदेशी खेल और मार्शल आर्ट भी प्रस्तुत किए जाएंगे। अन्य आकर्षणों में खाद्य उत्सव, युवा कलाकार शिविर , एडवेंचर स्पोट्र्स एक्टिविटीज, स्पेशल नो योर आर्मी, नेवी और एयर फोर्स कैंप शामिल हैं। भाजपा शासित कर्नाटक में मई में विधानसभा चुनाव होने हैं।
16 जनवरी तक चलेगा युवा महोत्सव
स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर होने वाला यह युवा महोत्सव 12-16 जनवरी तक चलेगा। इसमें देश के अलग-अलग राज्यों से 30 हजार युवा शामिल होंगे। इस साल कार्यक्रम की थीम ‘विकसित युवा-विकसित भारतÓ रखी गई है।
देश में हर साल होता है राष्ट्रीय युवा महोत्सव
पिछले 26 साल से हर बार जनवरी में अलग-अलग राज्यों में राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन होता है। पिछली बार यह कार्यक्रम पुडुचेरी में हुआ था, जिसकी थीम सक्षम युवा-सशक्त युवा थी।
अधिकारियों के मुताबिक, इस महोत्सव का मकसद देश के निर्माण में युवाओं की भूमिका को बढ़ाना और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाशाली युवाओं को सामने लाना है। उन्होंने बताया कि यह देश की विविध संस्कृतियों को एक मंच पर लाता है। साथ ही सभी प्रतिनिधि एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना में एकजुट होते हैं।
30 हजार से ज्यादा युवा शामिल
पीएम मोदी उद्घाटन समारोह में युवाओं से अपना विजन शेयर करेंगे। पांच दिवसीय प्रोग्राम में देशभर से 30,000 से ज्यादा युवा शामिल हो रहे हैं। कर्नाटक सीएम बसवराज बोम्मई ने कहा कि राष्ट्रीय युवा महोत्सव में 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों के युवा प्रतिनिधि अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर कर्नाटक में पहली बार राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन हो रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular