जनसमस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार हसनपुर से मुलाकात की
विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कमाल अख़्तर ने हसनपुर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार हसनपुर से मुलाकात की, इस दौरान क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और उनके शीघ्र समाधान की मांग रखी गई।
विधायक ने विशेष रूप से हसनपुर क्षेत्र में छुट्टा पशुओं की बढ़ती समस्या को प्रमुखता से उठाया, उन्होंने बताया कि छुट्टा पशुओं के कारण किसानों की फसलें नष्ट हो रही हैं, सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, इस पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस और त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता पर ज़ोर दिया गया, इसके अतिरिक्त, क्षेत्र की जर्जर सड़कों, गलियों एवं संपर्क मार्गों की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया।
खराब रास्तों के कारण ग्रामीणों, बुज़ुर्गों, महिलाओं और विद्यार्थियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, विधायक ने संबंधित विभागों के माध्यम से जल्द मरम्मत एवं निर्माण कार्य कराने की मांग की, मुलाकात के दौरान जल निकासी, राजस्व से जुड़ी समस्याएं, अतिक्रमण, साफ-सफाई, बिजली-पानी की अव्यवस्था सहित अन्य स्थानीय जनसमस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कमाल अख़्तर साहब ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार हसनपुर ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि वे लगातार क्षेत्रवासियों की आवाज़ को प्रशासन तक पहुंचाते रहेंगे और जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर मजबूती से खड़े रहेंगे। इस मौके पर आरिफ अख़्तर, चंद्रपाल सैनी, कैसर परवेज़, यशवीर नागर, संदीप गुर्जर , क़ासिम मकरानी, बदर क़ुरैशी, विक्की अब्बास, यूसुफ़ क़ुरैशी, आदि लोग मौजूद रहे।





