नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उमर अब्दुल्ला को जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने का आश्वासन दिया है। पार्टी केंद्र से इस वादे को पूरा करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने के लिए पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग कर रही है।
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डा फारूक अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को पुनः आश्वस्त किया है कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने की अपनी प्रतिबद्धता को पूरा करेगी।
अनंतनाग में पत्रकारों से बातचीत करते हुए फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि राज्य का दर्जा बहाल करना उनका दुनिया के सामने किया गया वादा है। हम उसका इंतजार कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने हाल ही में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को यह भरोसा दिलाया है और उन्हें उम्मीद है कि केंद्र सरकार अपने वादे को अवश्य निभाएगी।
जम्मू-कश्मीर सरकार के बिजनेस रूल्स (कार्य संचालन नियमों) को मंजूरी मिलने में हो रही देरी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी केवल बिजनेस रूल्स की मंजूरी ही नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा वापस दिए जाने की भी मांग कर रही है।
मानसून सत्र के पहले दिन नई दिल्ली में विरोध प्रदर्शन
फारूक अब्दुल्ला की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब हाल ही में नेशनल कॉन्फ्रेंस ने संसद के मानसून सत्र के पहले दिन नई दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है। पार्टी का कहना है कि यह प्रदर्शन जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर आयोजित किया जाएगा।
नेशनल कॉन्फ्रेंस लगातार यह मांग उठाती रही है कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर के पुनर्गठन के समय किए गए वादे के अनुरूप राज्य का दर्जा जल्द बहाल करे। पार्टी नेताओं का कहना है कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए राज्य का दर्जा बहाल किया जाना आवश्यक है।





