एएसपी ने भारी पुलिस बल के साथ घटना स्थल का निरिक्षण कर चार थानों की पुलिस फोर्स गांव में की तैनात,मामले की हर पहलू से जांच शुरू
महोबा। थाना खरेला क्षेत्र के चंदौली गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक ग्रामीण को साजिश के तहत बुलाकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुत्र को बचाने पहुंचे पिता को भी हमलावरों ने मारपीट कर गंभीर रुप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायल को अस्पताल पहुंचाया और घटना की जांच शुरू कर फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
चंदौली गांव निवासी मंगल सिंह (60) का पुत्र नरेंद्र का गांव के ही संतोष नामक ग्रामीण से पिछले साल होली पर्व दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके चलते दोनो एक दूसरे से रंजिश मान बैठे। इसी बात को लेकर सोमवार को संतोष ने नरेंद्र को फोन कर गांव के बाहर बनी एक पंचर की दुकान पर साजिश के तहत बुलाया और उसके आते ही संतोष और उसके साथियों के लाठी डंडों से मारपीट करना शुरू कर दी।
पुत्र की मारपीट की सूचना मिलते ही पिता मंगल सिंह मौके पर पहुंचा और अपने बेटे को लहूलुहान देख उसे बचाने के लिए हमलावरों से भिड़ गए। इसी बीच हमलावरों ने अचानक गोली चला दी, जिससे नरेंद्र को गोली लग गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, इसके बाद हमलावरों ने मंगल सिंह को भी कुल्हाड़ी और फरसे से हमलाकर अधमरा करते हुए मौके से फरार हो गया।
घायल मंगल सिंह को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और चार थानों की पुलिस फोर्स गांव में तैनात कर दी गई है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।





