महिलाओं ने गाया सोहर, 51 थालियों से उतारी आरती
वाराणसी। रामनवमी पर्व के अवसर पर श्री रामानंद विश्व हितकारिणी परिषद के संस्थापक श्रीमद् जगद्गुरु रामानंदाचार्य काशी पीठाधीश्वर स्वामी डॉ० राम कमलाचार्य वेदांती जी महाराज के सानिध्य में प्राचीन श्रीराम मंदिर गुरुधाम वाराणसी में श्रीराम जन्मोत्सव पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। संपूर्ण मंदिर परिसर को फूल मालाओं,विद्युत झालरों एवं गुब्बारों से सजाया गया। मंदिर के सचिव पं. रामभरत शास्त्री की देखरेख व यजमान संजीव पूर्वे पत्नी मीनाक्षी जायसवाल पूर्वे के सहयोग से प्रातः काल 8 बजे आश्रम के सभी बटुक एवं आचार्यों ने मिलकर भगवान श्रीराम का वैदिक पद्धति से पूजन अर्चन किया।
तत्पश्चात् 10 बजे से काशी के सिद्धहस्त कलाकारों द्वारा प्रभु श्री राम जन्मोत्सव पर मधुर भजन प्रस्तुत किए गए। पूरा मंदिर परिसर भक्तों से भरा हुआ था वही साथ में मंदिर की महिला मंडल द्वारा भी बधाई गीत गाए गए। ठीक दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी द्वारा प्रभु श्रीराम की आरती की तथा उपस्थित सभी भक्तों ने उनकी दिव्य स्तुति कर अपने जीवन को धन्य बनाया। लगभग 51 थालियों से भगवान की भक्तों ने आरती की। इसके बाद सभी भक्तों में प्रसाद वितरण व भंडारे का आयोजन हुआ।इस अवसर पर गोविंद तिवारी,चंदन कुमार सहित अनेकों लोग उपस्थित थे।





