हमीरपुर। आगामी जुम्मे की नमाज (अलविदा) एवं ईद-उल-फितर के दृष्टिगत जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी हमीरपुर एवं अपर पुलिस अधीक्षक हमीरपुर ने थाना राठ क्षेत्र के अंतर्गत प्रमुख मस्जिदों एवं संवेदनशील स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मस्जिद परिसरों, नमाज स्थलों, आसपास के मार्गों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि त्यौहार के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।
इस अवसर पर अधिकारियों ने स्थानीय धर्मगुरुओं, मस्जिद प्रबंध समितियों एवं संभ्रांत नागरिकों से संवाद कर आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहार मनाने की अपील की। उन्होंने लोगों से कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से बचें। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने यह भी आश्वस्त किया कि जनपद प्रशासन आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी राठ, क्षेत्राधिकारी राठ, प्रभारी निरीक्षक थाना राठ सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





