पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ जलवायु के संकल्प के साथ तहसील परिसर में एक वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्रा के निर्देशन में तहसील परिसर और आवासीय कैंपस में विभिन्न प्रजातियों के फलदार और छायादार पौधे रोपे गए।
उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्रा ने कहा कि आज के वैश्विक परिदृश्य में पर्यावरण का संरक्षण और स्वच्छ जलवायु अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए एक अनिवार्य कदम है।
वृक्षारोपण के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों, रुद्रांश प्रताप सिंह राठौर और सानवी यादव ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अपने नन्हे हाथों से पौधे लगाकर बच्चों ने प्रकृति संरक्षण और मानवीयता के प्रति समाज को एक प्रेरक संदेश दिया लेखपाल संघ के तहसील महामंत्री देवेंद्र कुमार राठौर ने संवैधानिक कर्तव्यों की याद दिलाते हुए कहा कि भारतीय संविधान के मौलिक कर्तव्यों के अंतर्गत पर्यावरण को स्वच्छ और अनुकूल बनाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने बताया कि पौधों की कमी के कारण ही वर्षा चक्र प्रभावित हो रहा है, वैश्विक तापमान (ग्लोबल वार्मिंग) बढ़ रहा है और इसके परिणामस्वरूप नई-नई बीमारियों का प्रकोप फैल रहा है। उन्होंने उपस्थित लोगों से रोपित पौधों के संरक्षण का भी आह्वान किया।
इस विशेष अवसर पर पीपल, आम, आंवला, अमरूद, सागौन, नीम और पाकड़ जैसे छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। इस दौरान नायब तहसीलदार राघवेंद्र पांडेय, नाजिर अजय पाठक, राजस्व निरीक्षक राजेश श्रीवास्तव, लेखपाल संजय वरुण, जियालाल, राहुल, सौरभ, विवेक सहित नगर पंचायत के सफाई मित्र और अन्य तहसील कर्मी मौजूद रहे।





