डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण तथा संतुष्टि के आधार पर किया जाए
महोबा। तहसील चरखारी में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जहां पर डीएम एसपी व अन्य अधिकारियों ने आए हुए फरियादियों की समस्याओं को सुना गया। संपूर्ण समाधान दिवस पर तहसील चरखारी से कुल 69 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें से 03 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया तथा शेष शिकायतों को निस्तारण कि लिए संबन्धित विभागीय अधिकारियों को सौंपा गया।
शिकायतों का अनुश्रवण करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण तथा संतुष्टि के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत का निस्तारण करने से पहले शिकायतकर्ता से जरूर बात की जाए और शिकायत निस्तारण से यदि शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं है तो शिकायत को निस्तारित नहीं माना जायेगा। कहा कि अधिकारी आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निपटान में लापरवाही न बरतें, क्योंकि इन शिकायतों के बारे में मुख्यमंत्री कार्यालय से फीडबैक लिया जाता है। इसलिए शासन के मंशा के अनुरूप सम्पूर्ण समाधान दिवस में आये हर फरियादी की छोटी या बड़ी प्रत्येक समस्या को गम्भीरता से सुना जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का कागज पर नही बल्कि धरातल पर निस्तारण कर समय सीमा के अन्तर्गत ही उनका निराकरण भी सुनिश्चित किया जाए, जिससे फरियादियों को इधर उधर अपनी समस्याओं को लेकर भटकना न पड़े। उन्होंने कहा शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता की जांच की जायेगी, यदि निस्तारण में फर्जीवाड़ा पाया गया तो निश्चित ही निस्तारण करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि लेखपाल जब अपने क्षेत्र के ग्रामों में जाएं तब दिग्गी पिटवाकर ग्रामीणों को सूचित करें और उनकी समस्याएं सुनकर उनका निस्तारण करें, यदि कोई बड़ी समस्या है तो अपने उपजिलाधिकारी को अवगत कराया जाए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुखबीर सिंह, उपजिलाधिकारी चरखारी धीरेन्द्र कुमार सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
सदर तहसील में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोईनुल इस्लाम की अध्यक्षता एवं उपजिलाधिकारी शिवध्यान पांडे की उपस्थिति में समाधान दिवस का आयेजन किया गया, जिसमे शिकायतकर्ताओं की शिकायतों को गंभीरता के साथ सुना और आई 53 शिकायतों में से 06 का मौके पर निस्तारण किया तथा शेष शिकायतों को संबन्धित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर निस्तारण कराए जाने के निर्देश दिए।





