Monday, March 17, 2025
spot_img
HomeItawaसैफई में समाजवादी रंग,अखिलेश यादव ने खेली फूलों की होली

सैफई में समाजवादी रंग,अखिलेश यादव ने खेली फूलों की होली

इटावा,सैफई। समाजवादी पार्टी का गढ़ सैफई शुक्रवार को पूरी तरह समाजवादी रंग में रंगा नजर आया।हर साल की तरह इस बार भी यहां फूलों की होली का भव्य आयोजन हुआ,जिसमें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परिवार सहित हजारों कार्यकर्ताओं के साथ होली खेली।सैफई में फूलों की होली की परंपरा लगभग दो दशक पहले समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने शुरू कराई थी।नेताजी को जब यह महसूस हुआ कि हर साल होली के अवसर पर दूर-दूर से समर्थक और कार्यकर्ता सैफई पहुंचते हैं,तो उन्होंने इस मिलन को यादगार बनाने के लिए फूलों की होली की शुरुआत की।तब से यह आयोजन हर साल बड़े स्तर पर होता आ रहा है।जब नेताजी खुद इस आयोजन की अगुवाई करते थे,तब इसमें प्रदेश भर से नेता और कार्यकर्ता जुटते थे।मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री रहते हुए भी सैफई की होली का खास महत्व रहा। मंच से उनके संबोधन कार्यकर्ताओं में जोश भर देते थे।उनकी होली में शामिल होने के लिए दूर-दराज से कलाकार आते थे और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होती थीं।
समाजवादी पार्टी की होली हमेशा से चर्चा में रही है। 2023 की होली नेताजी के बिना दूसरी होली थी और उस समय का माहौल भावुक कर देने वाला था। अखिलेश यादव और समाजवादी परिवार ने नेताजी को याद करते हुए उनके सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया था। वहीं,2024 में भी सैफई की होली ने उसी परंपरा को बनाए रखा।इस साल के आयोजन में समाजवादी पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो.रामगोपाल यादव, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, सांसद डिंपल यादव,सांसद धर्मेंद्र यादव, सांसद आदित्य यादव,विधायक तेज प्रताप यादव,जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव,सांसद अक्षय यादव समेत समाजवादी पार्टी के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।पूरा सैफई समाजवादी झंडों, नारों और समर्थकों की भीड़ से सराबोर नजर आया।सैफई की इस भव्य होली में इटावा,मैनपुरी,औरैया,फर्रुखाबाद, कन्नौज,फिरोजाबाद समेत पूरे प्रदेश से हजारों कार्यकर्ता पहुंचे।समर्थकों का जोश देखते ही बन रहा था।कार्यकर्ताओं ने अपने नेता से मुलाकात की और होली की शुभकामनाएं दीं।मंच से समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया और समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए,जिसमें लोक कलाकारों ने पारंपरिक गीतों और नृत्य के जरिए कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया।
समाजवादी कार्यकर्ताओं ने भी मंच से अपने विचार रखे और सपा की नीतियों और भावी रणनीतियों पर चर्चा हुई।मंच से गूंजते समाजवादी नारों और फूलों की वर्षा ने पूरे माहौल को उल्लासमय बना दिया।हर साल सैफई की होली में अखिलेश यादव मीडिया से बातचीत करते थे,लेकिन इस बार उन्होंने पत्रकारों से कोई वार्ता नहीं की।कार्यक्रम का समापन फूलों की होली के साथ हुआ, लेकिन कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जोश चरम पर दिखा।सैफई की यह होली केवल एक उत्सव नहीं,बल्कि समाजवादी आंदोलन का प्रतीक बन चुकी है।यह आयोजन न केवल सपा कार्यकर्ताओं को एकजुट करता है,बल्कि राजनीतिक रूप से भी एक बड़ा संदेश देता है।
सैफई की होली का राजनीतिक महत्व भी है।यह आयोजन बताता है कि समाजवादी पार्टी अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़ी है।सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पारिवारिक सदस्यों के साथ भी होली खेली।सांसद डिंपल यादव ने पारिवारिक महिलाओं के साथ आमिर गुलाल लगाकर होली मनाई।इस आयोजन के जरिए सपा ने यह संदेश दिया कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ आगामी चुनावों के लिए तैयार हैं। इस मौके पूर्व सांसद राम सिंह शाक्य, सांसद देवेश शाक्य,प्रदीप यादव विधायक,सांसद जितेंद्र दोहरे,राजवीर सिंह यादव राजकीय ठेकदार नगला तेज, शिवराम सिंह यादव राष्ट्रीय अध्यक्ष मंडी कर्मचारी कल्याण संघ समिति,बलवीर सिंह यादव प्रदेश अध्यक्ष यूपी जल निगम वेलफेयर एसोसिएशन,पूर्व एम एल सी रामनरेश मिनी आदि मौजूद रहे।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular