बाढ़ग्रस्त गांवों का सदर विधायक व ब्लॉक प्रमुख ने किया दौरा, पीड़ितों को हरसंभव मदद का आश्वासन

0
479

यमुना और बेतवा नदियों के बढ़ते जलस्तर से हमीरपुर जिले के कई गांवों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। शुक्रवार को सदर विधायक मनोज प्रजापति और ब्लॉक प्रमुख आशीष पालीवाल ने विकास खंड कुरारा क्षेत्र के मनकी कला, भोली ग्राम पंचायतों के मजरा कोतूपुर, पटिया और सिकरोड़ी गांवों का भ्रमण कर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों ने बताया कि यमुना नदी का पानी खेतों और घरों तक पहुंच गया है, जिससे तिल, अरहर जैसी खरीफ फसलें जलमग्न होकर बर्बाद हो गई हैं। कई ग्रामीणों के घरों में पानी घुस जाने के कारण उन्हें पास के विद्यालयों में आश्रय लेना पड़ा है। विधायक और ब्लॉक प्रमुख ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया और प्रशासन से तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत विकास अधिकारी जमाल अहमद ने मनकी कला की बाढ़ प्रभावित बस्ती का नाव से भ्रमण किया और बताया कि जिन ग्रामीणों के घर जलमग्न हो गए हैं, उनके लिए विद्यालयों में ठहरने की व्यवस्था की गई है।

वहीं पतारा गांव में बेतवा नदी का पानी गांव के अंदर तक घुस आया है। स्थानीय निवासी संजय ने बताया कि नेठी गांव जाने वाली सड़क पर पानी भर गया है, जिससे आवागमन बाधित हो गया है। विद्युत उपकेंद्र के आसपास भी पानी भर जाने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पर संकट मंडरा रहा है।

गांव के खेतों में पानी भरने से किसानों की तिल, अरहर समेत अन्य फसलें पूरी तरह खराब हो गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पानी जल्द नहीं निकला तो खरीफ सीजन की पूरी फसल बर्बाद हो सकती है।

प्रशासन द्वारा बाढ़ राहत के लिए विद्यालयों को अस्थाई शरण स्थलों के रूप में उपयोग में लाया जा रहा है। जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here