ममता बनर्जी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला, कहा सांप पर भरोसा कर सकते हैं, भाजपा पर नहीं। उन्होंने भाजपा पर असम और बंगाल चुनावों में बाहर से लोग लाने, एजेंसियों को खरीदने और मतदाता सूची से नाम हटाने का आरोप लगाया।
बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, सियासी दलों के नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। मुख्यमंत्री व टीएमसी ममता बनर्जी ने शुक्रवार को भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सांप पर भरोसा किया जा सकता है, पर भाजपा पर नहीं।
ममता ने पड़ोसी राज्य असम में हुए चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा वहां के निवासियों के वोट के दम पर अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नहीं थी इसलिए वह वहां के चुनाव के लिए बाहर से लोगों को लेकर आई।
ममता का दावा
बांग्लादेश की सीमा से सटे उत्तर 24 परगना जिले के स्वरूपनगर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ममता ने दावा किया कि भाजपा द्वारा उत्तर प्रदेश से 50,000 लोगों को लेकर एक पूरी ट्रेन असम भेजी गई। ममता ने आरोप लगाया कि केंद्र में भाजपा सरकार के रहते देश में कोई भी एजेंसी निष्पक्ष नहीं है, क्योंकि भाजपा ने सबको खरीद लिया है।
बता दें कि असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए गुरुवार को मतदान हुआ है। ममता ने असम का जिक्र करते हुए भाजपा पर बंगाल में भी बाहर से लोगों को लाने का आरोप लगाया। कहा कि इस वजह से अधिकारियों का तबादला किया जा रहा है। चुनाव आयोग ने घोषणा के तुरंत बाद बंगाल में बड़ी संख्या में वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का तबादला कर दिया था।
चुनाव में इस्तेमाल कि लिए बाहर से रुपये और मादक पदार्थ लाए जा रहे
ममता ने कहा कि चुनाव में इस्तेमाल कि लिए बाहर से लोगों, गुंडों, रुपये और मादक पदार्थों को दूसरे राज्यों से लाया जा रहा है, लेकिन तमाम हथकंडों का हमारे कार्यकर्ता मुकाबला करेंगे और हम जीतेंगे।
तृणमूल प्रमुख ने कहा कि एक अखबार की खबर के अनुसार, एसआइआर के बाद हटाए गए 90 लाख नाम में से 60 लाख हिंदुओं के और 30 लाख मुसलमानों के हैं। आरोप लगाया कि मतदाता सूची से लाखों लोगों के नाम हटाकर भाजपा बंगाल की सत्ता को हथियाना चाहती है।
उन्होंने दावा किया कि असम में राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) की प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए 19 लाख नामों में से भी 13 लाख हिंदुओं और छह लाख नाम मुसलमानों के थे। ममता ने फिर आरोप लगाया कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनी तो वह बंगाल के लोगों के मांसाहार खाने पर पाबंदी लगा देगी।
सोनार बांग्ला के वादे पर कसा तंज
ममता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि आप दूसरे राज्यों में बंगाल के लोगों की रक्षा नहीं कर सकते लेकिन चुनावी रैलियों में सोनार बांग्ला का वादा करते हैं। भाजपा शासित राज्यों में बंगाल के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद ही आपको सोनार बांग्ला का सपना देखना चाहिए।
‘चुनाव के बाद पेट्रोल-डीजल भी नहीं मिलेगा’
शाम में मेदिनीपुर में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो के दौरान ममता ने केंद्र पर बरसते हुए पश्चिम एशिया में युद्ध के चलते देश में रसोई गैस की किल्लत का उल्लेख करते हुए लोगों से कहा कि चुनाव के बाद आपको पेट्रोल-डीजल भी नहीं मिलेगा। ममता ने कहा कि केंद्र में भाजपा के शासनकाल में ट्रेन से लेकर प्लेटफार्म टिकट सहित हर चीज की कीमत बढ़ गई है, सिर्फ इंसान की जिंदगी की कीमत घटी है।





