निपुण भारत मिशन व कायाकल्प योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न, स्कूलों की सुरक्षा पर विशेष जोर

0
439

जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निपुण भारत मिशन, ऑपरेशन कायाकल्प, पीएम पोषण और बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में एआरपी (संकुल शिक्षक) चयन हेतु आवेदन कम मिलने पर विज्ञापन की तिथि बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बरसात के मौसम को देखते हुए विद्यालय परिसरों में खड़े झाड़-झंखाड़ तथा छतों पर उगी घास की सफाई तत्काल कराने के निर्देश भी जारी किए गए।

बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टंकियों की सफाई, तथा जर्जर भवनों में शिक्षण कार्य न करने और ऐसे भवनों से उचित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। खतरनाक भवनों पर सावधानी सूचक बोर्ड लगाने और जर्जर स्कूल भवनों की नीलामी शीघ्र कराने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने आदेश दिए कि एक टीम गठित कर जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों का सेफ्टी ऑडिट कराया जाए, ताकि भवनों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि जहां विद्युत कार्य अधूरा है, वहां कार्य तत्काल पूरा कराया जाए।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में बालिकाओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here