अलाव जलते न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की
मंत्री जी बोले एक्सपायरी दवा अगर दी गई है तो उसकी जांच कराकर उस पर कठोर कार्यवाही की जाए
वहाज अली निहाल
इटावा। राज्यमंत्री(स्वतंत्र प्रभार), होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा उ0प्र0 धर्मवीर प्रजापति प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सर्वप्रथम पंचनद स्टोर से समूह की दीदियों द्वारा मंत्री जी को भेंट दी गई एवं स्वामी विवेकानंद योजना के छात्रों को लैपटॉप वितरित किए गए।
बैठक में सर्वप्रथम पुलिस विभाग की समीक्षा की गई,जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि गैंगस्टर एक्ट भूमाफिया की कुर्की की गई।अवैधशस्त्र में अपराधी पकड़े गए एवं 254 गुंडा एक्ट पर कार्यवाही की गई। 215 अभियुक्तों को अवैध शराब पर गिरफ्तार किया गया तथा वाहन चोरी में 75 वाहन बरामद किए गए।साइबर अपराध में 202 खोए हुए मोबाइल बरामद किए गए।ऑपरेशन मुस्कान में 341 बालिकाओं/महिलाओं को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सुपुर्द किया गया।उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में इटावा प्रथम स्थान पर है।
उन्होंने कहा कि किसानों को अनावश्यक उर्वरक न दिया जाए।किसान सम्मान निधि में उन्होंने कहा कि जिले पर एक स्थाई व्यक्ति बैठाया जाए जिससे किसानों को भटकना न पड़े एवं हेल्पलाइन नं.जारी किया जाए एवं इसका प्रचार-प्रसार भी कराया जाए जिससे किसान जागरूक हो सकें।मंत्री जी ने कहा कि एक्सपायरी दवा अगर दी गई है तो उसकी जांच कराकर उस पर कठोर कार्यवाही की जाए।
एन0आर0सी0पर बच्चों को रेगुलर भर्ती कराया जाए।समाजसेवी लोगों को चिन्हित कर गौशालाओं पर भूसा को बढ़ाया जाए एवं हरा चारा,चौकर आदि की व्यवस्था की जाए।बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री जी ने कहा कि पी0एम0श्री प्राथमिक विद्यालय की जगह चिन्हित कर बेहतर बनवाया जाए।मंत्री जी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि टैबलेट वितरण का भव्य कार्यक्रम किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी पेंशनों की योजना से कोई भी पात्र व्यक्ति छूटने न पाए।
दिव्यांग या विधवा का कोई भी व्यक्ति छूटने ना पाए।सामूहिक विवाह योजना,कन्या सुमंगला,शादी अनुदान, जलजीवन मिशन,राशन कार्ड आदि सभी योजनाओं का लाभ लाभार्थियों को अवश्य दिया जाए।उन्होंने विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि शहरी क्षेत्र में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति दी जाए।शहर में ट्रांसफार्मर खराब होने पर 24 घंटे में ट्रांसफार्मर बदले जाएं।छापेमारी,बिल ज्यादा बनकर देना आदि पर सुधार किया जाए एवं तहसील में जाकर ऐसी समस्याओं का समाधान वहीं पर कराया जाए।मंत्री जी ने विद्युत विभाग पर नाराजगी व्यक्त करते हुए बताया कि चकरनगर क्षेत्र में ट्रांसफार्मर नहीं बदला जाता है,एक महीने से ट्रांसफार्मर खराब है इसको तत्काल ठीक कराया जाए।
मंत्री जी ने पी0डब्लू0डी0की समीक्षा करते हुए कहा कि जितनी भी सड़के बनाई गईं हैं उनकी कॉपी भिजवाई जाए। विश्वकर्मा सम्मान योजना,पी0एम0 स्वनिधि योजना,प्रधानमंत्री योजना शहरी आदि योजनाओं से लोगों को आच्छादित किया जाए।राजस्व विभाग की समीक्षा में उन्होंने कहा कि शिकायत कर्ता से बात कर निस्तारण किया जाए।उन्होंने कहा कि पिलुआ मंदिर,कालीबांह मंदिर एवं अन्य सभी मंदिरों के बाहर बैठे गरीब व्यक्तियों को कंबल वितरण किए जाएं। रैन बसेरे एवं अलाव पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद संतोष कुमार मिश्र पर अलाव जलते न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की और कहा कि मंडी में कम से कम 4-5 जगह,बस स्टैंड,रेलवे स्टेशन,शास्त्री चौराहा,जिला अस्पताल एवं अन्य जगहों पर अलाव जलाया जाए।उन्होंने कहा कि मंडी के बाहर गेट पर अंधेरा है वहां पर प्रकाश की व्यवस्था की जाए।स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया जी ने कहा कि एम्बुलेंस एवं एडमिट रजिस्टर व डिस्चार्ज रजिस्टर का परीक्षण किया जाए।उन्होंने कहा कि ग्राम सभा की जमीन को खाली कराया जाए और वहां खेल का मैदान बनाया जाए। यमुना जी के किनारे वाले गांव में फिल्टर चैम्बर बनाए गए एवं गौशाला में वर्मी कम्पोस्ट बनवाए गए।शहर में अभियान चलाया जाए गायों को सुरक्षित गौशालाओं में भिजवाया जाए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी महोदय ने धन्यवाद ज्ञापित किया।उक्त बैठक के दौरान विधायक सदर श्रीमती सरिता भदौरिया,जिलाध्यक्ष बी0जे0पी0अन्नू गुप्ता,जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव,मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम,अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव,जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद,मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0बृजेन्द्र कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चन्द्र, उप कृषि निदेशक आर0एन0सिंह,जिला पंचायत राज अधिकारी बनवारी सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





