इटावा। नपद के शिक्षक एवं फिल्मकार राम जनम सिंह को उनकी डॉक्यूमेंट्री फिल्म“द चेंजमेकर”के लिए प्रतिष्ठित खजुराहो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में सम्मानित किया गया।यह सम्मान खजुराहो अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह के संस्थापक एवं प्रसिद्ध अभिनेता राजा बुंदेला द्वारा उन्हें सम्मान पत्र एवं मेडल पहनाकर प्रदान किया गया।खजुराहो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के भव्य मंच पर आयोजित रंगारंग संगीत कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह के दौरान देश-विदेश से आए अनेक फिल्मकारों और कलाकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर जाने-माने अभिनेता सौरभ शुक्ला,अभिनेत्री इंदिरा तिवारी, अभिनेता आरिफ शहडोली सहित अनेक देसी-विदेशी फिल्मकार समारोह में मौजूद रहे।डॉक्यूमेंट्री फिल्म“द चेंजमेकर”उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा में हुए बदलाव और उसमें स्टेट रिसोर्स की भूमिका पर आधारित है।राम जनम सिंह की इस उपलब्धि से जनपद इटावा सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष और गौरव का वातावरण है।शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े होकर फिल्म निर्माण के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करना उनकी विशेष पहचान बन रही है।





