भगवान परशुराम शिवजी आश्रम ट्रस्ट परिसर में माता-पिता के नाम एक-एक पेड़ का रोपण कर किया शुभारंभ
लालगंज / आजमगढ़। तहसील अंतर्गत ताजपुर गड़हा मे स्थित भगवान परशुराम शिव जी आश्रम ट्रस्ट परिसर में आज राजा संतोष कुमार मिश्रा ने माता-पिता के नाम एक-एक पेड़ का रोपण कर 1000 वृक्षारोपण महा अभियान का शुभारंभ किया l उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा से अब तक मैं अपने जीवन में लगभग 500 वृक्षों का रोपण कर चुका हूँ। ये वृक्ष न केवल पर्यावरण को हरा-भरा बना रहे हैं, बल्कि वन्य जीवों, पशु-पक्षियों तथा समस्त जीव-जंतुओं को आश्रय और संरक्षण भी प्रदान कर रहे हैं। इसी पावन संकल्प को आगे बढ़ाते हुए आज आश्रम परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” एवं “एक पेड़ पिता के नाम” अभियान के अंतर्गत दो पौधों का रोपण किया। यह केवल वृक्षारोपण नहीं, बल्कि प्रकृति, अपने माता-पिता और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि आइए, हम सभी अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें और धरती को हरित, स्वच्छ एवं जीवनदायी बनाने में अपना योगदान दें । भगवान परशुराम शिवजी आश्रम ट्रस्ट में 1000 वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ भगवान परशुराम शिवजी आश्रम ट्रस्ट में भव्य वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। आज से 1000 वृक्ष लगाने का संकल्प लिया गया है, जिसे आगामी 15 दिनों के भीतर पूर्ण किया जाएगा। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित वृक्षारोपण अभियान की सराहना करते हुए प्रदेश सरकार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं।
साथ ही भगवान परशुराम शिवजी आश्रम ट्रस्ट के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों से इस जन-अभियान में सहभागिता करने का आह्वान किया गया, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ वन्य जीवों, पशु-पक्षियों एवं समस्त जीव-जंतुओं के लिए सुरक्षित एवं हरित आवास का निर्माण हो सके। वन जीव संरक्षण को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मान्यता दिया गया है l कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार मिश्रा (राजा साहब), बड़े युवराज उप प्रबंधक श्री उत्कर्ष कुमार मिश्रा उर्फ बादल मिश्रा, रजिस्ट्रार रविंद्र कुमार मिश्रा, बाबा रामनाथ उत्कर्ष महाविद्यालय के प्रभारी प्रशांत मिश्रा, अवधेश शर्मा एवं श्री देवी प्रसाद सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।





