बांसी सिद्धार्थनगर। विकास खण्ड मिठवल के ग्राम पंचायत नचनी में ‘ग्राम चौपाल-गाँव की समस्या गाँव में समाधान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं माननीय विधायक बांसी जय प्रताप सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया और शासन की योजनाओं की समीक्षा की गई।विधायक जय प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार आयुष्मान कार्ड के माध्यम से 5 लाख तक के मुफ्त इलाज सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्रों तक पहुँचा रही है।जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से पेंशन (वृद्धा, विधवा, दिव्यांग), राशन वितरण, वरासत और भूमि विवाद से जुड़े प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राशन वितरण में अनियमितता और सरकारी कार्यों में हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा और किसान सम्मान निधि की समस्याओं के समाधान हेतु निर्देशित किया। साथ ही, 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने (फार्म-06) की अपील की। चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई का कार्यक्रम भी संपन्न कराया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सचेत किया कि शासन की योजनाओं को लागू करने में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर सीडीओ बलराम सिंह, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, खण्ड विकास अधिकारी सौरभ पाण्डेय सहित अन्य जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





