महोबा बुधवार को भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय महोबा में भारत सरकार द्वारा प्रस्तुत आम बजट को लेकर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा महोबा के जिला प्रभारी संजीव श्रंगऋषि जी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि संजीव श्रंगऋषि ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत यह बजट विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला बजट है। उन्होंने बताया कि इस बजट में महिलाओं, किसानों, युवाओं और गरीब वर्ग को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
प्रत्येक जिला मुख्यालय पर महिला हॉस्टल निर्माण, महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से नारियल, काजू जैसी नकदी फसलों को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं एवं सुविधाएं प्रदान की गई हैं।
श्रंगऋषि जी ने यह भी बताया कि बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रत्येक जिला अस्पताल की क्षमता 50 प्रतिशत तक बढ़ाने का प्रावधान कर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया गया है।
सदर विधायक राकेश गोस्वामी जी ने कहा कि यह बजट गरीब, मजदूर, किसान और युवाओं के हितों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने, कौशल विकास को बढ़ावा देने और नए रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए इस बजट में ठोस प्रावधान किए गए हैं।
विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर जी ने कहा कि बजट में स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण योजनाओं को मजबूती दी गई है, जिससे अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचेगा।
जिला अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा जी ने कहा कि यह बजट छोटे उद्योगों, स्टार्टअप्स और उद्यमियों के लिए बेहद लाभकारी है। उद्योग जगत को प्रोत्साहन देने से स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
प्रेस वार्ता में उपस्थित सभी नेताओं ने एकमत से कहा कि यह बजट देश के सर्वांगीण विकास, आत्मनिर्भर भारत और मजबूत अर्थव्यवस्था की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।





