पति-पत्नी समेत तीन गिरफ्तार, चांदी गलाकर बनाए बिस्कुट।
कानपुर। हरबंस मोहाल थाना क्षेत्र के घंटाघर चौराहे स्थित प्रसिद्ध गणेश मंदिर में 11 अप्रैल को हुई मुकुट चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चोरी को अंजाम देने वाले एक पति-पत्नी और चोरी का माल खरीदने वाले एक सुनार को गिरफ्तार किया है।
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपियों ने मंदिर से भगवान के पांच बड़े और दो छोटे चांदी के मुकुट चोरी किए थे। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि कुछ समय पहले हुए एक सड़क हादसे में उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ था। इसी नुकसान की भरपाई के लिए उन्होंने इस वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने शहर के तीन प्रमुख मंदिरों को निशाना बनाने की साजिश भी रची थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए मुकुट एक स्थानीय सुनार को बेच दिए गए थे। सुनार ने इन मुकुटों को गलाकर चांदी के बिस्कुट में तब्दील कर दिया। पुलिस ने सुनार के कब्जे से चांदी के बिस्कुट और नकदी बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित मामलों की भी पड़ताल की जा रही है।





