संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुखबीर सिंह की अध्यक्षता में हुआ संपन्न
महोबा। सदर तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुखबीर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जहां पर अपर जिलाधिकारी के अलावा अन्य अधिकारियों ने आए हुए फरियादियों की समस्याओं को सुना गया। संपूर्ण समाधान दिवस पर सदर तहसील में कुल 52 शिकायतों को गंभीरता के साथ सुनते हुए अधिकारियों ने 12 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया और शेष शिकायतों को निस्तारण कि लिए संबन्धित विभागीय अधिकारियों को सौंपा गया।
सदर तहसील में शिकायतों का अनुश्रवण करते हुए अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने संबन्धित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण तथा संतुष्टि के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत का निस्तारण करने से पहले शिकायतकर्ता से बात अवश्य की जाए और शिकायत के निस्तारण से यदि शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं है तो शिकायत को निस्तारित नहीं माना जायेगा। अधिकारी आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निपटान में लापरवाही न बरतें, क्योंकि इन शिकायतों के बारे में मुख्यमंत्री कार्यालय से फीडबैक लिया जाता है, इसलिए शासन के मंशा के अनुरूप सम्पूर्ण समाधान दिवस में आये हर फरियादी की छोटी या बड़ी प्रत्येक समस्या को गम्भीरता से सुना जाए।
उन्होंने कहा कि शिकायतों का कागज पर नही बल्कि धरातल पर निस्तारण कर समय सीमा के अन्तर्गत ही उनका निराकरण भी सुनिश्चित किया जाए, जिससे फरियादियों को इधर उधर अपनी समस्याओं को लेकर भटकना न पड़े। उन्होंने कहा शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता की जांच की जायेगी, यदि निस्तारण में फर्जीवाड़ा पाया गया तो निश्चित ही निस्तारण करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, उपजिलाधिकारी शिवध्यान पांडे ने लोगों की समस्याओं को सुना गया।
उधर जिले की तहसील कुलपहाड़ में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोईनुल इस्लाम की अध्यक्षता एवं उपजिलाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार की उपस्तिथि में समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां पर आए हुए 39 शिकायतकर्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए दो शिकायतों को मौके पर निस्तारण किया गया। इसी प्रकार तहसील चरखारी में उपजिलाधिकारी धीरेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां पर फरियादी अपनी फरियाद लेकर पहुंचे। अधिकारी ने 26 शिकायतों को सुनते हुए मौके पर 10 शिकायतों का निस्तारण किया। सभी शेष शिकायतों का निष्पक्ष तरीके से जांच करते हुए निस्तारण किए जाने को लेकर विभागीय अधिकारियों को सौंपा गया।





