श्री राम भक्त सेवा समिति का सराहनीय आयोजन
बिंदकी / फतेहपुर। बिंदकी कस्बे में मोहिनी एकादशी के पावन अवसर पर धार्मिक आस्था और सेवा भाव का अनूठा संगम देखने को मिला। श्री राम भक्त सेवा समिति द्वारा तहसील रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के निकट भगवान विष्णु के मोहिनी अवतार की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन किया गया।
सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। मान्यता के अनुसार मोहिनी एकादशी के दिन व्रत और पूजा करने से पापों का नाश होता है तथा मोक्ष की प्राप्ति होती है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा कर भगवान से सुख-समृद्धि की कामना की।
भीषण गर्मी और तेज धूप को देखते हुए समिति की ओर से राहगीरों और श्रद्धालुओं के लिए ठंडे मीठे शरबत का वितरण भी किया गया। कड़कती धूप में शरबत पीकर लोगों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ नजर आई। कई लोगों ने आयोजकों को आशीर्वाद देते हुए “जुग-जुग जियो, सदा सुखी रहो” जैसी शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के आयोजक श्री राम भक्त सेवा समिति के अध्यक्ष ओम जी हिंदू ने बताया कि संस्था का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ समाज सेवा करना भी है, ताकि जरूरतमंदों को राहत मिल सके।
इस मौके पर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष मन्नालाल सोनकर, प्रधानाचार्य बलराम सिंह, सभासद बृजेश मिश्रा, सभासद सोमवती निषाद, अश्वनी गुप्ता, राजू गुप्ता, हर्षित डल्ली पांडे, अतुल द्विवेदी, राजकुमार सोनी, अवधेश साहू, दीनू सविता, अंकित गुप्ता, विष्णु द्विवेदी, हर्षित सिंह, रन्नो गुप्ता, संगीता तिवारी, स्वाती ओमर, दीपिका ओमर, श्याम जी ओमर सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।





