महराजगंज। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सदर नगर इकाई द्वारा जिला पंचायत सभागार में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्र-छात्राओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विवेक गुप्ता रहे। उनके आगमन पर आयोजकों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया। अपने संबोधन में श्री गुप्ता ने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि सकारात्मक सोच, शिक्षा, अनुशासन एवं समाज सेवा के माध्यम से ही युवा राष्ट्रनिर्माण में अग्रणी भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत अध्यक्ष राकेश प्रताप सिंह ने स्वामी विवेकानंद के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं को अपने व्यक्तित्व निर्माण के साथ-साथ अपने कर्तव्यों एवं सामाजिक दायित्वों को समझते हुए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन और विचार आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का अमूल्य स्रोत हैं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, भाषण प्रतियोगिता, निबंध लेखन एवं युवा संवाद जैसे आयोजन किए गए। प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर मयंक मणि त्रिपाठी, शिवम नाथ शर्मा, राहुल निषाद, बबलू सिंह, शिव कुमार यादव, मनमोहन गुप्ता, शिवानी जायसवाल, अखिल सिंह, अंकित, नीलम, गरिमा, खुशी सहित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





