HomeUttar PradeshHamirpurतीन हजार से अधिक बिजली पोल क्षतिग्रस्त, अभी भी आधे क्षेत्र में...

तीन हजार से अधिक बिजली पोल क्षतिग्रस्त, अभी भी आधे क्षेत्र में आपूर्ति बाधित

भरुआ सुमेरपुर। एक सप्ताह पूर्व आई तेज आंधी और बारिश से जिले की चरमराई विद्युत व्यवस्था का जायजा लेने के लिए आगरा मंडल के मुख्य अभियंता (तकनीकी) आर.एन. सरोज ने हमीरपुर जनपद का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की तथा विद्युत आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल करने के निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार आंधी-तूफान के कारण जिले में करीब तीन हजार विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ। घटना के एक सप्ताह बाद भी लगभग 50 प्रतिशत गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी है। इसके चलते लोगों को पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्य अभियंता ने सुमेरपुर और मौदहा क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने छानी, बिवांर सहित कस्बे के उद्योग नगरी में टूटे पड़े विद्युत पोल और क्षतिग्रस्त लाइनों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कर विद्युत व्यवस्था सामान्य करने के निर्देश दिए।

उधर, अधीक्षण अभियंता जी.एस. यादव ने बताया कि विभाग लगातार मरम्मत कार्य में जुटा है और अगले दो दिनों में अधिकांश क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए क्षतिग्रस्त पोलों और अन्य आवश्यक सामग्री की अतिरिक्त खेप मंगाई गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर बिजली की केबिलें टूटकर गिर गई हैं तथा ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे पेयजल संकट गहरा गया है। लोगों ने विभाग से जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उधर विद्युत विभाग के चेयरमैन पीयूष गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले की विद्युत स्थिति की समीक्षा की।

अधिकारियों द्वारा करीब तीन हजार पोल क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दिए जाने पर उन्होंने रिपोर्ट की पुनः जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि यदि किसी स्तर पर गलत सूचना दी गई है तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विद्युत आपूर्ति को जल्द सुचारु करने पर जोर दिया, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular