Wednesday, March 11, 2026
spot_img
HomePolitical'लोगों के अधिकार छीन रही है मोदी सरकार', कांग्रेस की स्थापना दिवस...

‘लोगों के अधिकार छीन रही है मोदी सरकार’, कांग्रेस की स्थापना दिवस पर बोले खरगे

कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस पर मल्लिकार्जुन खरगे ने मोदी सरकार पर लोगों के अधिकार छीनने और कांग्रेस द्वारा स्थापित संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने यूपीए सरकार की उपलब्धियों को भी याद किया। राहुल गांधी ने कांग्रेस को भारत की आत्मा की आवाज बताते हुए नफरत, अन्याय और तानाशाही के खिलाफ लड़ने का संकल्प लिया।

कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मोदी सरकार पर कथित तौर पर ‘लोगों के अधिकारों का दमन’ करने का आरोप लगाते हुए उसकी कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार ने कांग्रेस द्वारा स्थापित संस्थाओं को कमजोर कर दिया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि भारत की आत्मा की आवाज है जो हर कमजोर, हर वंचित और हर मेहनतकश के साथ खड़ी रही है।

खरगे ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए आरोप लगाया कि आरएसएस-भाजपा के नेताओं ने राष्ट्रीय ध्वज, संविधान, अशोक चक्र और वंदे मातरम का अपमान किया है। वे लोगों के अधिकारों का दमन करते हैं। स्वतंत्रता आंदोलन से उनका कोई संबंध नहीं है और आज वे जनता के अधिकारों को छीन रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि सोनिया गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए संप्रग सरकार ने लोगों के अधिकारों की सुरक्षा का विस्तार किया। जब डा. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, तब सूचना का अधिकार, शिक्षा का अधिकार, खाद्य सुरक्षा, मनरेगा, वन अधिकार और भूमि अधिग्रहण कानून लागू किए गए।

राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, भारत की आत्मा की आवाज है जो हर कमजोर, हर वंचित और हर मेहनतकश के साथ खड़ी रही है। संकल्प है कि नफरत, अन्याय और तानाशाही के खिलाफ सत्य, साहस और संविधान की रक्षा की लड़ाई और अधिक मजबूती से लड़ेंगे। हम उस ऐतिहासिक विरासत और उन महान बलिदानियों को नमन करते हैं जिन्होंने भारत को आजादी दिलाई, संविधान की नींव रखी और लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय व समानता के मूल्यों को मजबूत किया।’

स्थापना दिवस के अवसर पर इंदिरा भवन में ध्वजारोहण समारोह में खरगे, सोनिया गांधी, राहुल के अलावा पार्टी के कई अन्य नेता भी शामिल हुए। पार्टी ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए एक्स पर लिखा कि कांग्रेस पार्टी ने भारत की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया और देश को आगे बढ़ाने के लिए काम किया। वहीं, आज सत्ता में बैठे लोग देश में नफरत, अन्याय और दमन को बढ़ावा दे रहे हैं। फिर भी हम पूरी ताकत से इसके खिलाफ लड़ रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular