दौड़ में सिमरन शर्मा प्रथम, नंदिनी दूसरे स्थान पर रहीं
शोहरतगढ़ सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत शोहरतगढ़ के रेलवे स्टेशन के सामने स्थित वीरेंद्र ग्रामीण स्टेडियम में शनिवार को युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग के अंतर्गत विधानसभा स्तरीय बालक एवं बालिका जूनियर व सीनियर वर्ग की माननीय विधायक खेल स्पर्धा प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक विनय वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर एवं ध्वजारोहण के साथ किया।
प्रतियोगिता में जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सिमरन शर्मा ने प्रथम तथा नंदिनी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में रागिनी प्रथम और नजमा दूसरे स्थान पर रहीं। बालिका वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय परसिया की टीम विजेता रही, जबकि बढ़नी की टीम उपविजेता बनी।
जूनियर बालिका वर्ग वॉलीबॉल में गांधी आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज बढ़नी को प्रथम तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय शोहरतगढ़ को दूसरा स्थान मिला। जूनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सुलेमान प्रथम और काशिफ दूसरे स्थान पर रहे। सीनियर बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में सप्तम यादव ने प्रथम और अनूपराज ने दूसरा स्थान हासिल किया। सीनियर बालक वर्ग वॉलीबॉल में गांधी आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज की टीम विजेता रही, जबकि एफएससी दुधवनिया बुजुर्ग की टीम उपविजेता बनी।
विधायक विनय वर्मा ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण पत्र और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। सही मार्गदर्शन और सुविधाएं मिलने पर ये खिलाड़ी क्षेत्र, जनपद और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने उभरते खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम का समापन तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव ने किया। खेल प्रतियोगिता का संचालन ब्लॉक व्यायाम शिक्षक मुस्तन शेरुल्लाह एवं आशुतोष सिंह ने किया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्रा, खंड विकास अधिकारी चंद्रभूषण तिवारी, खंड शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार, युवा कल्याण अधिकारी दीपक कुमार गुप्ता, प्रधानाचार्य विक्रम प्रसाद यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।





