10 से 28 फरवरी तक चलेगा अभियान
महापौर ने आमजन से दवा खाने की की अपील
शाहजहांपुर, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जली कोठी में मंगलवार को महापौर अर्चना वर्मा ने 10 से 28 फरवरी तक चलने वाले फाइलेरिया उन्मूलन हेतु मासिक औषधि वितरण (एमडीए) कार्यक्रम का उद्घाटन दवा ग्रहण कर किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी समेत अन्य उपस्थित लोगों ने भी औषधि का सेवन किया।
महापौर ने समारोह को संबोधित करते हुए फाइलेरिया रोग की गंभीरता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आईडीए कार्यक्रम के तहत प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को प्रशिक्षित औषधि उपचारकों द्वारा डीईसी, एल्बेंडाजोल एवं आइवरमेक्टिन की गोलियों का सेवन कराया जाएगा। ये औषधियां पूर्णतः सुरक्षित हैं। महापौर ने समस्त जनता से अपील की कि वर्ष 2027 तक इस बीमारी को समुदाय से समाप्त करने के लक्ष्य को साकार करने हेतु सभी व्यक्ति इनका सेवन करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विवेक मिश्रा ने बताया कि अभियान के दायरे में एक वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती माताओं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़कर शेष सभी स्वस्थ व्यक्तियों को वर्ष में एक बार आयुवर्गानुसार औषधि की एक खुराक दी जाएगी। औषधि का सेवन खाली पेट नहीं करना चाहिए।
सरकार की मंशा के अनुरूप फाइलेरिया उन्मूलन का लक्ष्य हासिल करने पर जोर देते हुए सीएमओ ने बताया कि दवाओं के सेवन से कुछ व्यक्तियों में हल्के प्रतिकूल प्रभाव हो सकते हैं, जो मुख्यतः माइक्रोफाइलेरिया प्रभावित व्यक्तियों या खाली पेट दवा लेने वालों में देखे जाते हैं। ये प्रभाव स्वतः ठीक हो जाते हैं। यदि ऐसा न हो, तो अभियान के लिए गठित आरआरटी टीम तुरंत उपचार प्रदान करेगी।
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (वीबीडी) डॉ. पी.पी. श्रीवास्तव, पाथ से नवीन सिंह, एसएमओ डॉ. आकांक्षा यादव, पीसीआई से अनीता सिंह, डीपीएम, डीसीपीएम समेत अन्य अधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।





