आज़मगढ़। भगत सिंह सेवा संस्थान द्वारा आयोजित “शहीद सम्मान यात्रा” का कुंवर सिंह उद्यान में भव्य स्वागत किया गया। यह यात्रा जहानागंज से निकलकर प्रमुख स्थानों से होते हुए कुंवर सिंह उद्यान पहुंची। जहां सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों ने भारत माता की जय के जयकारों से समूचा क्षेत्र गुंज उठा। इसके बाद वीर कुंवर सिंह की मिट्टी से भरा कलश यात्रा में शामिल प्रतिनिधियों को समर्पित कर यात्रा का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा कुंवर सिंह उद्यान में स्थापित करने की मांग को एक बार पुनः जोरदार स्वर में दोहराया। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा न केवल वीर कुंवर सिंह के अदम्य साहस और बलिदान की यादगार रहेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगी। संस्थान ने यह भी बताया कि भविष्य में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित कर शहीदों की स्मृति और उनके बलिदान को लोगों तक पहुँचाने का कार्य निरंतर जारी रखा जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से शशि प्रकाश सिंह ‘मुन्ना समेदा’, उमेश दास, आलोक सिंह, और देवनाथ सिंह सहित अनेक समाजसेवी और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से शहीदों के सम्मान में और देशभक्ति की भावना को जागरूक करने के लिए ऐसे आयोजनों की महत्ता पर जोर दिया।





